लखनऊ (ब्यूरो)। जय देव जय देव, गणपति बप्पा मोरया, जय श्रीगणेश के जयघोष के बीच विघ्नहर्ता भक्तों के घरों से लेकर पंडालों तक में पूरे विधि-विधान के साथ बुधवार को विराजित हुए। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच गजानन की भक्ति से सराबोर हो भक्त नाचते-गाते और अबीर उड़ाते चले जा रहे थे। महाराष्ट्र की तर्ज पर इस बार राजधानी भी गणपति की आस्था के रंग में पूरी तरह रंग गई है। जिधर भी नजर घुमाइए गजानन आपको दर्शन देते दिख जाएंगे।

विघ्न हरने पधारे विघ्नहर्ता

बुधवार को गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर लखनऊ में जगह-जगह लंबोदर विराजमान हुए। राजधानी की झूलेलाल वाटिका, चौक, प्रताप मार्केट, आईटी समेत करीब 150 से अधिक छोटे-बड़े पंडालों में गणपति विराजित हुए। झूलेलाल वाटिका में श्रीगणेश प्राकट्य कमेटी द्वारा मनौतियों के राजा भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित की गइ्र। कमेटी के संरक्षक भारत भूषण ने बताया कि भक्त अपनी मनोकामनाएं लिखकर गणपति तक पहुंचा सकें इसके लिए एक लेटर बॉक्स भी यहां रखा गया है। इस दौरान कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। भक्त सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक अपने आराध्य के दर्शन का लाभ हासिल कर सकेंगे।

धर्म की जय का जयघोष

वहीं, गणेश युवा मंडल के महामंत्री ऋद्धि गौण ने बताया कि धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो जयघोष के बीच रानी कटरा चौपटिया स्थित बड़ा शिवाला में गणेश जन्मोत्सव दोपहर बाद बुधवार को शुरू हुआ। रोज शाम को गणेशजी का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। पहले दिन 10 यजमानों द्वरा पूजन किया गया गया।

पंडालों में विराजे गणपति

दूसरी ओर, श्री गणेश उत्सव मंडल अमीनाबाद के संयोजक अतुल अवस्थी ने बताया कि 'अमीनाबाद का राजा' के नाम से विख्यात गणपति की स्थापना प्रताप मार्केट स्थित राम दरबार मंदिर में पूरे विधि-विधान के साथ बुधवार को की गई। वहीं, श्रीगणेश उत्सव मंडल चौक के संयोजक उमेश पाटिल ने बताया कि महाराष्ट्र से आई पांच फीट की गणेशजी की मूर्ति पूरे विधान के साथ स्थापित की गई है।

घरों में भी उत्सव का माहौल

दूसरी और गजानन के भक्तों द्वारा अपने-अपने घरों में पूरे विधि-विधान के साथ गणपति की मूर्ति स्थापित की गई। लोग सुबह से ही अपने घरों में पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ नजर आए। हाथों में गणेशजी की मूर्ति और होंठों पर गणपति बप्पा मोरया की गूंज माहौल को भक्तिमय बना रही थी। वहीं, आरती के बाद सभी को प्रसाद वितरित किया गया।