लखनऊ (ब्‍यूरो)। Lucknow Coronavirus News Update: केजीएमयू में भर्ती कोरोना संक्रमित लखनऊ के एक बुजुर्ग की बुधवार को मौत हो गई। लखनऊ में कोरोना से मौत का यह पहला मामला है। इसके अलावा शहर में 31 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। राजधानी में एक दिन में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में मरीज मिले हैं। अब शहर में भर्ती कोरोना पेशेंट की संख्या 87 हो गई है। बाहर के सभी 22 मरीज तबलीगी जमात से हैं। शहर में 15 मार्च को कोरोना वायरस से संक्रमण का पहला केस मिला था।

मामला छिपाने से बढ़ा दिक्कत

नजीराबाद के नयागांव निवासी 64 वर्षीय बुजुर्ग डायबिटीज से पीडि़त थे। वह सऊदी से लौटे थे। उनके तबलीगी जमात के संपर्क में आने की चर्चा रही। वह पिछले कई दिनों से तेज बुखार और जुकाम से पीडि़त रहे। मगर, सरकारी महकमे से छिपाए रहे। निजी अस्पतालों में इलाज कराया। उनकी हालत गंभीर हो गई। सांस लेने में तकलीफ होने लगी। ऐसे में शनिवार को शाम पांच बजे ट्रॉमा सेंटर में उन्हें भर्ती कराया गया। जांच में सोमवार को वे कोरोना पॉजिटिव निकले, जिस पर उनका इलाज करने वाले केजीएमयू के करीब 65 डॉक्टरों और कर्मचारियों को क्वारंटाइन करना पड़ा। इस दौरान मरीज की हालत बिगड़ती चली गई। वेंटिलेटर पर चल रहा था इलाज संक्रामक रोग विभाग में करीब चार दिन वेंटिलेटर पर उनका इलाज चला। डायबिटीज के चलते मरीज की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम थी। वहीं, किडनी में भी दिक्कत आ गई। कोरोना का वायरस शरीर पर हमला करता चला गया। वायरस स्वस्थ कोशिकाओं में फैलता चला गया। ऐसे में बुजुर्ग का शरीर वायरस से उबरने में नाकाम रहा। उनकी किडनियां फेल हो गईं। बुधवार दोपहर सवा दो बजे उनकी मौत हो गई। केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ। सुधीर सिंह ने बुजुर्ग की मौत की पुष्टि की है।

नए मरीजों में 8 महिलाएं और 3 बच्चियां

कोरोना पॉजिटिव मिले मरीजों में 28 सदर के हैं। शेष नजीराबाद के नयागांव के हैं। नए मिले 31 नए मरीजों में से 23 पुरुष हैं, वहीं आठ महिलाएं वायरस की चपेट में आई हैं। इनमें से तीन बच्चियां भी हैं। शहर में 87 पॉजिटिव मरीजों की संख्या - 65 लखनऊ - 15 सहारनपुर - 04 असम - 03 जयपुर

डालीगंज हॉस्पिटल सील

सीएमओ ने बताया कि डालीगंज हॉस्पिटल मौसम बाग डालीगंज में पूर्व में कोविड-19 से ग्रसित रोगी का भर्ती करके इलाज किया गया था। यह जानकारी मिलते ही उस हॉस्पिटल को बंद करने के लिए नोटिस जारी कर दी गई है। इसके साथ ही वहां के सभी कर्मचारियों को होम क्वारंटाइन करते हुए सभी की सूची मांगी है।

केजीएमयू से कोरोना पेशेंट की मौत की सूचना मिली है। शव को सरकारी गाइडलाइन के अनुसार रिश्तेदारों को सौंपा जायेगा। इस दौरान पूरा ख्याल रखा जायेगा कि जो गाइडलाइन है उसको परिजन पूरी तरह से फॉलो करें। ताकि संक्रमण का कोई खतरा न हो। -डॉ नरेंद्र अग्रवाल, सीएमओ