लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानी में साइबर क्राइम लगातार पनपता जा रहा है। आए दिन जालसाज लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। इस बार जालसाजों ने केजीएयमू में एमडी समेत 10 लोगों के खाते से 89.89 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली है। मामले में साइबर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। तमिलनाडु के रहने वाले डॉक्टर सूर्या केजीएमयू में एमडी हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मोबाइल पर पार्ट टाइम जॉब का ऑफर आया था। जिनमें कुछ टास्क कराए गए थे, जिसके उन्हें रुपये भी मिले थे। इसके बाद जालसाजों प्रीपेड टास्क के नाम पर उनके 10.65 लाख ऐंठ लिए। वहीं दूसरी तरफ, पीजीआई के वृंदावन कालोनी सेक्टर-20 निवासी प्रफुल्ल कुमार ने शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल पर डुप्लीकेट एंजल वन एप डाउनलोड कराया। इसके बाद निवेश के नाम पर उनके 18.58 लाख व रिटायर्ड कर्नल रणधीर पुरी के 25 लाख हड़प लिए।

लिंक क्लिक करते ही कटे पैसे

इसके अलावा गोमतीनगर निवासी लोकेश कुमार के पास लोन के लिए मैसेज आया। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही खाते से 42,699 रुपये की ठगी हो गई। उधर, लालबाग स्थित महावीर पैलेस निवासी फरहीन फातिमा फारुखी के एटीएम का क्लोन बना कर ठगों ने उनके खाते से 90,155 हजार उड़ा दिए। कृष्णानगर निवासी अर्चना पांडेय से सोफा बेचने के नाम पर 95 हजार व बंथरा के बृजमोहन वर्मा से 1.79 लाख की ठगी हो गई। इसके अलावा चिनहट निवासी नीरज कुमार सिंह की पत्नी प्रीति से कंपनी का कस्टमर केयर कर्मी बन ठग ने 17 हजार ऐंठ लिए।

इनसे भी हुई ठगी

वहीं, सुशांत गोल्फ सिटी की रहने वाली कृति श्रीवास्तव के दो बैंक खातों से ठगों 3.04 लाख निकाल लिए। इसके अलावा हुसैनगंज के उदयगंज निवासी अजीत कुमार नवोदय विद्यालय अंबेडकरनगर में शिक्षक है। उन्होंने बताया कि जालसाज ने उनके वाट्सएप पर एक लिंक भेजा था, जिसे खोलते ही वह एक गु्रप से जुड़ गए। इसके बाद उन्हें शेयर बाजार में निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा दिया था। लालच में आकर उन्होंने 30.18 लाख निवेश कर दिए।