लखनऊ (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 12वीं के प्रैक्टिकल एग्जाम-2024 की तारीख जारी कर दी है। 25 जनवरी से प्रैक्टिकल एग्जाम शुरू होंगे। दो चरणों में एग्जाम आयोजित होंगे, जिसमें पहले चरण में एग्जाम 25 जनवरी से 1 फरवरी के बीच होंगे। वहीं, दूसरे चरण में 2 फरवरी से 9 फरवरी के बीच स्टूडेंट्स प्रैक्टिकल एग्जाम देंगे। शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद सचिव ने शेड्यूल जारी किया।
लखनऊ में एग्जाम 25 जनवरी से
बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक, लखनऊ में प्रैक्टिकल एग्जाम पहले चरण में होंगे। 25 जनवरी से 1 फरवरी तक लखनऊ के अलावा आगरा, सहारनपुर, बरेली, झांसी, चित्रकूट, फैजाबाद, देवीपाटन, आजमगढ़ और बस्ती मंडल में एग्जाम होंगे। दूसरे चरण यानि 2 फरवरी से 9 फरवरी के बीच अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी व गोरखपुर मंडल में एग्जाम आयोजित किए जाएंगे।
सीसीटीवी की निगरानी में होंगे एग्जाम
बीते साल की तरह इस साल भी प्रैक्टिकल एग्जाम को सीसीटीवी की निगरानी में आयोजित कराने की जिम्मेदारी स्कूल के प्रिंसिपल की होगी। सीसीटीवी से निगरानी के अलावा एग्जाम की रिकॉर्डिंग डीवीआर में सुरक्षित भी रखा जाएगा, जो बाद में बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय में जमा कराए जाएंगे।
ऑनलाइन अपलोड होंगे मार्क्स
इंटरमीडिएट की खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक स्कूल के प्रिंसिपल के माध्यम से यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। इसके लिए 10 जनवरी 2024 से वेबसाइट क्रियाशील हो जाएगी। स्कूल स्तर पर आयोजित कराई जाने वाली कक्षा 9 एवं 11 की वार्षिक परीक्षाएं और कक्षा 10 एवं 12 की प्री बोर्ड की लिखित परीक्षाएं 13 जनवरी 2024 से 22 जनवरी 2024 के बीच प्रधानाचार्यों द्वारा आयोजित की जाएगी। वहीं, प्री बोर्ड प्रैक्टिकल एग्जाम भी 5 से 12 जनवरी तक करा लेना है।
महत्वपूर्ण तारीखें
12वीं बोर्ड प्रैक्टिकल एग्जाम
-पहला चरण 25 जनवरी से 1 फरवरी
-दूसरा चरण 2 फरवरी से 9 फरवरी
12वीं की प्री बोर्ड प्रैक्टिकल एग्जाम
-5 जनवरी से 12 जनवरी
स्कूल स्तर पर 9वीं व 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं और प्री बोर्ड लिखित परीक्षाएं
-13 जनवरी से 22 जनवरी