लखनऊ (ब्यूरो)। लोकसभा सामान्य निर्वाचन और पूर्वी विधानसभा उपचुनाव को लेकर सोमवार को राजधानी लखनऊ और मोहनलालगंज में वोटिंग की गई। इस दौरान कलेक्ट्रेट ऑफिस में बने हाईटेक कंट्रोलर रूम से हर बूथ से लेकर सोशल मीडिया तक पैनी नजर रखी गई। अधिकारियों के मुताबिक इसबार पोलिंग, ईवीएम को लेकर समस्या रही। इसबार वोटर लिस्ट से नाम गायब होने वाली शिकायतें बेहद कम रहीं। मतदान पूर्णतया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

अधिकारियों ने रखी पूरी नजर
राजधानी में वोटिंग को लेकर कलेक्ट्रेट ऑफिस में बने हाईटेक कंट्रोल रूम से पल-पल की स्थिति पर नजर रखी जा रही थी। जहां जिला निर्वाचन अधिकारी सूर्यपाल गंगवार, नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह समेत अन्य बड़े अधिकारी भी मौजूद रहे। जो पल-पल की न केवल खबर ले रहे थे। बल्कि जो समस्याएं आ रही थी उनको दूर करने के निर्देश भी दे रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी आ रही शिकायतों को दूर करने की कोशिश में लगे हुए थे। इसके लिए कंट्रोल रूम में बड़ी-बड़ी टीवी स्क्रीन के साथ लैपटॉप भी उपलब्ध कराये गये थे। जो बूथों पर नजर बनाये हुए थे।

यह समस्याएं रही ज्यादा
अधिकारियों की माने तो इसबार पोलिंग संबंधी और ईवीएम ठीक नहीं को लेकर अधिक समस्या रही। जिसको समय रहते ठीक करा लिया गया। हालांकि, इसबार वोटर लिस्ट से नाम गायब वाली शिकायतें कम मिली हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया सेल द्वारा सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर नजर रखी गई ताकि कोई भी समस्या दिखने पर उसका समाधान किया जा सके।

बुजुर्गों में दिखा जोश
मै काफी समय से वोट करती आ रही हूं। उम्र हो चली है लेकिन, देश के लिए वोट करना बेहद जरूरी है। मैं यहां अपने बेटे के साथ आई हूं। वोट सभी को डालना चाहिए। बूथ पर इंतजाम भी अच्छे थे।
-उर्मिला कपूर, 95 वर्ष

परिवार के साथ वोट डालने आई हूं। खुशी है कि वोट डाल पाई हूं। वोट करके अच्छा लगता है। हर किसी को वोट करना चाहिए। यहां पर लोगों ने काफी मदद की।
-राम दुलारी अग्रवाल, 94 वर्ष

सुबह ही परिवार के साथ वोट कर आया, ताकि धूप में परेशान न होना पड़े। वोट उसी को जो देश के विकास की बात करे ताकि देश आगे बढ़ सके। बूथ पर भी व्यवस्था अच्छी थी।
-एसी अग्निहोत्री, 64 वर्ष

सुबह जल्दी वोट करने आया ताकि धूप से परेशानी न हो। सभी को देश के विकास में सहयोग करने के लिए अपना वोट देना चाहिए। इस बार मतदान केंद्रों पर व्यवस्था बढ़िया थी।
-बीपी शाह, 88 वर्ष

पूरी कोशिश रहती है कि हर चुनाव में वोट कर सकूं। इसबार भी वोट किया है। मेरे बूथ पर कम भीड़ थी। इसलिए जल्दी वोट करके आ गया। इस बार मतदान में कोई दिक्कत नहीं हुई।
-डीसी कुरील, 71 वर्ष