लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानी में शनिवार को तापमान में आंशिक गिरावट आई जिसके कारण लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली। तापमान जरूर कम था लेकिन भीषण उमस होने की वजह से लोग खासे परेशान रहे। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री था, जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बढ़ रही डीहाइड्रेशन की समस्या
ज्यादा उमस होने के कारण शरीर से अधिक पसीना निकल रहा है, जिसकी वजह से शरीर में पानी की कमी हो रही है। इससे लोगों में डीहाइड्रेशन की समस्या बढ़ रही है। सड़क पर चलते वक्त कई लोग बेहोश भी हो रहे हैैं। सरकारी अस्पतालों में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ रही है जो उल्टी, दस्त के शिकार हैैं। प्राइवेट अस्पतालों में भी कमोवेश यही तस्वीर देखने को मिल रही है।

रविवार को खत्म होगा नौतपा
राजधानी में पिछले कुछ दिनों से तापमान में बढ़ोतरी हो रही थी। शुक्रवार को इस साल का सबसे गर्म दिन रहा था। नौतपा के चलते आसमान से आग सी बरस रही थी। अब रविवार को नौतपा समाप्त हो रही है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि उमस की स्थिति जस की तस रहेगी।

पिछले सात दिन के तापमान पर नजर
डेट अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
25 मई 41.7 31.3
26 मई 43.5 31.1
27 मई 44.3 31.2
28 मई 43.7 29.6
29 मई 43.7 29.4
30 मई 45.1 32.4
31 मई 45.8 29.3
1 जून 42.2 29.8

आंशिक बदली की संभावना
भीषण गर्मी से परेशान राजधानीवासियों को हल्की बारिश से राहत मिल सकती है। मौसम विशेषज्ञों की माने तो रविवार को आंशिक बादल छाई रह सकती है। इसके साथ ही कई स्थानों पर बूंदाबादी भी हो सकती है।