- साइबर क्राइम सेल और मडि़यांव पुलिस ने दबोचा

- सॉफ्टवेयर इंजीनियर से हड़पे थे नौ लाख, मॉडल बनाने का भी देता था झांसा

LUCKNOW:

साइबर क्राइम सेल और मडि़यांव पुलिस ने युवतियों को झांसे में लेकर उनसे ठगी करने के आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित युवतियों से दोस्ती कर बीमारी का बहाना बनाता था और उनसे रुपये मांगता था। पुलिस ने सीतापुर में रहने वाले देवश मिलवानी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। देवश ने साफ्टवेयर इंजीनियर कीर्ति मौर्या से कई बार में नौ लाख रुपये लिए थे।

अपनी बातों में फंसाया

पूछताछ में पता चला कि देवश ने कीर्ति से अपनी मां की तबीयत खराब होने की बात कही थी। इसके बाद झांसे में लेकर 10 हजार रुपये लिए थे। धीरे-धीरे आरोपित ने कीर्ति को अपनी बातों में फंसा लिया और मानसिक दबाव बनाकर नौ लाख रुपये हड़प लिए। देवश ने इसी तरह एमबीबीएस की एक छात्रा से भी रुपये वसूले थे। आरोपित के फोन में कई युवतियों की फोटो व अन्य जानकारियां मिली हैं।

मॉडल बनाने का देता था झांसा

पूछताछ में देवश ने बताया कि वह युवतियों को मॉडल बनाने का भी झांसा देता था। इसके बाद उन्हें बातों में फंसाकर रुपये वसूलता था। आरोपित ने बताया कि वह गूगल से लड़कियों का नंबर सर्च करता था। आरोपित ने इसके पहले अथर्वी शुक्ला व उत्कर्ष पांडेय से भी रुपये हड़पे थे। आरोपित को मडि़यांव पुलिस ने 25 जनवरी 2021 को ठगी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद वह पेरोल पर रिहा हुआ और फिर से फर्जीवाड़ा कर रहा था। आरोपित ठगी की रकम से सट्टा खेलता था। पुलिस आरोपित के अन्य साथियों के बारे में पता लगा रही है।