लखनऊ (ब्यूरो)। करवाचौथ व्रत का इंतजार सुहागिनें साल भर करती हैं। यह पर्व पति की दीर्घायु की कामना के लिए होता है। आज मनाए जा रहे इस पर्व को लेकर राजधानी के मार्केट्स कई दिनों से सजकर तैयार हैं। इस पर्व पर मेहंदी लगाना भी शुभ माना जाता है। महिलाएं खरीदारी को लेकर भी उत्साहित हैं। जहां सोने-चांदी से लेकर मिट्टी के करवा की डिमांड बनी हुई है। वहीं, मार्केट में महिलाएं मेहंदी लगवाती भी आसानी से देखी जा सकती हैं।

सुहाग की खरीदारी हुई तेज

करवाचौथ के अवसर पर सुहाग संबंधी सामग्री की खरीदारी सबसे ज्यादा होती है, जिसमें लाल सिंदूर, कंघी, बिंदी चूड़ियां, मेहंदी सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होती हैं। इसको लेकर अमीनाबाद, हजरतगंज, चौक, आलमबाग समेत अन्य मार्केट सजकर तैयार हैं। दुकानदार भी भीड़ देखकर बेहद खुश नजर आ रहे हैं। मार्केट में विभिन्न डिजाइन की चूड़ी, चूड़ा, कड़ा, कंगन आदि आये हैं। अमीनाबाद के चूड़ी विक्रेता शमीम बताते हैं कि इस समय फैशन में चल रहीं कांच, कंगन, चांदनी, जरकन, कुंदन आदि किस्म की चूड़ियां महिलाओं को सबसे ज्यादा पसंद आ रही हैं। महिलाएं व्रत के दौरान पहनने वाली साड़ी से मैचिंग चूड़ियां पसंद कर रही हैं। इनकी कीमत 100 रुपये से शुरू होकर हजारों में है।

मेहंदी का क्रेज बरकरार

करवाचौथ पर मेहंदी का क्रेज सबसे ज्यादा रहता है। मार्केट में मेहंदीवाले अपनी दुकान सजाकर तैयार हैं, जहां विभिन्न डिजाइन सभी को पसंद आ रही हैं। महिलाएं हाथ-पैरों में मेहंदी लगवा रही हैं। इसमें राजस्थानी, डिजाइनर बूटें, पोर्ट्रेट, फुल हैंड, अरेबिक स्टाइल आदि की डिमांड सबसे ज्यादा। इनकी शुरुआत डिजाइन के अनुसार 500 रुपये से लेकर हजारों में है। इसके अलावा, महिलाओं द्वारा करवाचौथ पर सजने के लिए मेकअप आर्टिस्ट समेत ब्यूटी पार्लर भी बुक कर हैं, जिसको लेकर लंबी वेटिंग भी चल रही है। ब्यूटीशियन श्रद्धा सक्सेना के मुताबिक, महिलाओं में बेसिक, एयर ब्रश, न्यूड मेकअप और एचडी मेकअप की डिमांड सबसे ज्यादा बनी हुई है। महिलाएं नेचुरल लुक पर विशेष ध्यान दे रही हैं। वहीं, हैवी मेकअप से दूरी बना रही हैं।

करवा की खरीदारी हुई तेज

इस पर्व पर सबसे महत्वपूर्ण करवा होता है, जिसके बिना व्रत पूर्ण नहीं माना जाता। मार्केट में मिट्टी के डिजाइनर व कलरफुल करवा आये हैं, जो देखने में बेहद आकर्षक लग रहे है। इनकी शुरुआत 50 रुपये से होती है, जो 150 रुपये तक जाती है। इसबार दक्षिण भारत के मंदिरों की नक्काशीदार चांदी के करवे भी आये हैं। वहीं, कोल्हापुरी, मुरादाबादी और कोलकाता से आये करवे भी पसंद किये जा रहे हैं। ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के प्रदेश संयोजक विनोद माहेश्वरी ने बताया कि चांदी का करवा 100-500 ग्राम तक में उपलब्ध है। इनकी कीमत 6 हजार रुपये से शुरू होकर डिजायन और भार के अनुसार लाखों में है। इनमें विभिन्न तरह की नक्काशी की गई है। इसके अलावा, गिफ्ट में लाइट वेट ज्वेलरी पसंद की जा रही है। साथ ही करवाचौथ थाली की भी डिमांड है।

मेटल के भी करवा डिमांड में

दूसरी ओर मेटल के करवा भी डिमांड में बने हुए हैं। यहियागंज के दुकानदार अशोक ने बताया कि गिलट का करवा 800 रुपये और पीतल का मुरादाबादी नक्काशीदार करवा की शुरुआत 800 रुपये से होती है, जोकि दो हजार तक की कीमत के मिल रहे हैं। इसके अलावा सादा करवा भी 700-1200 रुपये के बीच मिल रहा है।