- हजरतगंज के नरही में हुई वारदात, मायके वालों ने दी तहरीर

LUCKNOW: हजरतगंज के नरही निवासी विवेक चौहान की पत्‍‌नी श्वेता (28) की संदिग्ध हालात में सोमवार को मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं श्वेता के मायके वालों ने गला घोंटकर हत्या के बाद फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में हजरतगंज थाने में तहरीर दी है, जिस पर पुलिस जांच शुरू कर चुकी है।

फंदे से लटकता मिला शव

इंस्पेक्टर हजरतगंज श्याम बाबू शुक्ला के मुताबिक नरही के राधा-कृष्ण मंदिर के पास वकील विवेक चौहान परिवार सहित रहते हैं। उनकी शादी गोरखपुर के डेयरी रेलवे कॉलोनी निवासी सीताराम की बेटी श्वेता से हुई थी। विवेक के मुताबिक सोमवार दोपहर में वह घर से किसी काम से बाहर गया था। वापस आया तो देखा कि श्वेता का शव फंदे से लटक रहा था। इसके बाद उसने तत्काल पुलिस और ससुराल में सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शरीर पर मिले चोट के निशान

सीताराम के मुताबिक उनको सोमवार दोपहर करीब तीन बजे सूचना दी गई कि उनकी बेटी श्वेता ने फांसी लगाकर जान दे दी है। श्वेता की बहन रंजना सिंह का आरोप है कि विवेक व उसकी मां कृष्णा चौहान दहेज के लिए उसकी बहन को प्रताडि़त करती थीं। मांग पूरी न होने पर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। शरीर पर कई जगह चोट के निशान साफ दिख रहे हैं।

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

गोरखपुर डेयरी रेलवे कॉलोनी निवासी श्वेता की डेढ़ साल पहले विवेक चौहान से शादी हुई थी। पिता सीताराम के मुताबिक विवेक शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताडि़त कर रहा था। इसी बीच विवेक के किसी लड़की से अवैध संबंध होने की जानकारी श्वेता को हुई। उसका विरोध करने पर विवेक व उसकी मां कृष्णा भी तलाक देकर दूसरी शादी करने की धमकी देकर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताडि़त करने लगे। श्वेता ने अपनी मां आशा को कॉल कर कहा कि जिससे तंग आकर बेटी घर छोड़ देने और खुदकुशी कर लेगी। इंस्पेक्टर हजरतगंज श्याम शुक्ल के मुताबिक परिजनों की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।