- नगर निगम सदन के तीन साल पूरे होने पर मेयर ने गिनाई उपलब्धियां

- राज्यपाल ने किया नगर निगम की स्मारिका 2020 का विमोचन

LUCKNOW नगर निगम सदन के तीन साल पूरे होने पर लालबाग स्थित निगम मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जहां मेयर संयुक्ता भाटिया ने तीन साल की उपलब्धियां गिनाई वहीं विपक्ष ने कार्यक्रम का बहिष्कार किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आई राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने नगर निगम की स्मारिका 2020 का विमोचन किया और स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता थीम सांग 'ग्रीन लखनऊ क्लीन लखनऊ' को लांच किया।

कोरोना वारियर्स का सम्मान

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद मेयर संयुक्ता भाटिया ने नगर निगम की तीन साल की उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। इसके बाद आठ सफाई कर्मियों को कोविड महामारी के समय उत्कृष्ट सेवा के लिए पुरस्कृत किया गया। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने नगर निगम के कायरें की प्रशंसा करते हुए म्युनिसिपल बांड पर प्रकाश डाला।

राज्यपाल ने की तारीफ

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कोरोना वारियर्स को सम्मानित करने के लिए नगर निगम और दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की प्रशंसा की। वे निगम के कार्यक्रम में शामिल होने से पहले बतौर मुख्य अतिथि के रूप में दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की ओर से आयोजित कोविड 19 वारियर अवार्ड में शामिल हुई थीं।

नगर शब्द का मतलब समझाया

राज्यपाल ने पार्षदों को नगर शब्द का मतलब समझाया- न से 'नल', ग से 'गटर' और र से 'रोड'। यही नहीं, उन्होंने बिना सरकारी मदद के जनसेवा के गुर भी सिखाए और पार्षदों से सवाल भी किए। उन्होंने कहाकि उनको इसकी जानकारी नहीं कि उनका राजभवन किस पार्षद के क्षेत्र में आता है। यहां के विधायक कौन हैं। कोई पार्षद उनसे मिलने राजभवन पहुंचा ही नहीं। राजभवन करीब 400 लोगों का एक छोटा सा गांव ही तो है। उन्होंने कहा कि वह कभी पार्षद नहीं रहीं, लेकिन अहमदाबाद व सूरत जैसे शहरों को संभाला।

बाक्स

ये रहीं उपलब्धियां

- लखनऊ नगर निगम उत्तर भारत में म्युनिसिपल बांड जारी करने वाला पहला शहर

- पीएम स्वनिधि योजना का उत्कृष्ट प्रदर्शन

- तीन वर्षो में लगभग 800 करोड़ रुपये से विकास कार्य

- तंबाकू वितरण पर लाइसेंस जारी करने वाला देश का पहला शहर

- अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज में स्थायी प्रिंसिपल की नियुक्ति के साथ ही विद्युतीकरण

- लेखा विभाग में 6 वर्षो की बैलेंस शीट बनवाई गई

- आरआर विभाग में दो करोड़ की रिकवरी

- प्रचार की नई नियमावली लागू

- नए कल्याण मंडप, सामुदायिक केंद्रों का निर्माण

बाक्स

यह भी रहे मौजूद

कार्यक्रम का संचालन अपर नगर आयुक्त अमित कुमार ने किया। इस मौके पर मंत्री स्वाति सिंह, विधायक सुरेश श्रीवास्तव, डॉ। नीरज बोरा, कार्यकारिणी उपाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, अपर नगर आयुक्त डॉ। अर्चना द्विवेदी, राकेश कुमार यादव, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, संयुक्त निदेशक पशु कल्याण डॉ। अरविंद राव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह आदि मौजूद रहे।

कोट

पूरे शहर में कहीं विकास नहीं हो रहा है। सफाई व्यवस्था लचर हो चुकी है साथ ही डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन व्यवस्था पटरी पर आती नजर नहीं आ रही है। ऐसे में उपलब्धियां क्यों गिनाई जा रही हैं। इस वजह से ही कार्यक्रम का बहिष्कार किया है। जनता को बेहतर विकास संबंधी सुविधाएं मिलें, यही असली जीत है।

गिरीश मिश्रा, वरिष्ठ पार्षद कांग्रेस

विकास के नाम पर जनता के साथ छल हो रहा है। किसी भी एरिया में निगम की ओर से विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं। निगम में जनता की कोई सुनवाई नहीं है। जो काम सपा के समय हुए, उन्हें अपने कार्यकाल की उपलब्धियां बताई जा रही हैं। ऐसे कार्यक्रम में जाने का क्या फायदा।

सैयद यावर हुसैन रेशू, नेता सदन, सपा