अधिकतम तापमान- 27.4 डिग्री सेल्सियस

न्यूनतम तापमान- 27 डिग्री सेल्सियस

बारिश- 35 मिलीमीटर

- इस बार एक सप्ताह पहले राजधानी आ रहा है मानसून

- गुरुवार को हुई प्री-मानसून बारिश, आज भी जारी रहेगी

LUCKNOW:

मानसून ने राजधानी में आने से पूर्व अपने आमद जता दी है। गुरुवार को राजधानी में प्री-मानसून बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिला दी। बीते दो दिनों से राजधानी में बादलों की आवाजाही लगी हुई थी। ऐसे में गुरुवार सुबह से ही झमाझम बारिश ने न केवल मौसम बदलने का काम किया। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में अगले 48 घंटे में मानसून दस्तक दे देगा। अगले कुछ दिनों तक राजधानी में बारिश देखी जाएगी। गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया। जबकि 35 एमएम बारिश रिकार्ड की गई।

बारिश का उठाया लुत्फ

गुरुवार को राजधानी में मौसम ने अचानक से करवट ली। सुबह से ही आसमान में काले घने बादल छा गए और देखते ही देखते तेज बारिश ने राजधानी को अपने आगोश में ले लिया। आफिस टाइम के समय बारिश होने से लोगों को परेशानी भी हुई। वहीं लोग रेनकोट व छतरी से खुद को भिगने से बचाते हुए नजर आए। दूसरी ओर बहुत से लोगों ने प्री-मानसून बारिश का मजा भी लिया।

एक हफ्ता पूर्व मानसून देगा दस्तक

आंचलिक मौसम केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक गुरुवार से मानसून से पूर्व प्री-मानसून बारिश शुरू हो गई है। राजधानी में गुरुवार से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी जारी रहेगी। मानसून आने के लिए जो सिस्टम चाहिए होता है, वो बहुत ही तेजी के साथ बन चुका है। जिसके कारण अगले 48 घंटे में मानसून राजधानी में पहुंच जाएगा। इसबार मानसून समय से एक हफ्ता पूर्व ही राजधानी पहुंच रहा है। अगले कई दिनों तक राजधानी में सामान्य से तेज बारिश तक देखी जा सकती है। अगले एक हफ्ता तक मौसम ऐसा ही रहने वाला है।