लखनऊ (ब्यूरो)। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की आठ सदस्यीय टीम गुरुवार को केजीएमयू पहुंची। यहां टीम ने 48 विभागों का बारीकी से जायजा लिया। टीम का मुख्य फोकस इलाज में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के साथ जरूरी इंतजामों पर रहा। टीम ने पूर्व छात्रों से भी संवाद कर केजीएमयू की कार्यप्रणाली को जाना। अभी टीम की ओर से अगले दो दिन तक इंस्पैक्शन किया जाएगा।

2017 में मिला था ए ग्रेड
केजीएमयू को 2017 में नैक मूल्यांकन में ए ग्रेड मिला था। नैक टीम ने गुरुवार से केजीएमयू में मूल्यांकन शुरू कर दिया है। शुक्रवार को टीम केजीएमयू कम्युनिटी मेडिसिन की ओर से संचालित सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लेगी। नैक की आठ सदस्यीय टीम सुबह 9.30 बजे केजीएमयू प्रशासनिक भवन पहुंची। टीम के स्वागत के लिए भव्य अस्थायी गेट बनाया गया था साथ ही रंगोली सजायी गई थी। कुलपति कार्यालय में प्रेजेंटेशन हुआ। उसके बाद टीम चार भागों में बांटी गई। प्रत्येक टीम में दो सदस्य थे। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों का दौरा कर विवि में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। टीम ने विभागों की व्यवस्था देखी साथ ही विभागाध्यक्ष व बाकी संकाय सदस्यों से जानकारी हासिल की।

वार्डों का हाल लिया
टीम ने कई विभागों के वार्डों का भी जायजा लिया। कई जगह साफ -सफाई व मरम्मत का काम चल रहा था। टीम ने कहा अब इसे बंद करा दीजिए। टीम ने एनाटमी, फिजियोलॉजी, बायोकैमेस्ट्री, कॉडियोलॉजी, एकेडमिक ब्लॉक, कुलसचिव कार्यालय, वित्त विभाग, सेंट्रल स्किल लैब, पीडियाट्रिक्स, माइक्रोबायोलॉजी, पैथोलॉजी, यूरोलॉजी, रेस्पीरेटरी मेडिसिन, सेंटर फॉर एडवांस रिसर्च, डीन एकेडमिक्स, कैरिकुल डेवेलपमेंट कमेटी, जनरल सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, जनरल मेडिसिन, आईटी सेल इत्यादि विभागों की स्थिति देखी।

ये हैं नैक टीम के सदस्य
नैक टीम में अमृतसर स्थित गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ। जसपाल सिंह संधू, समन्यवक डॉ। स्मृति नंदा, डिप्टी एडवाइजर डॉ। एस श्रीनिवासा, डॉ। पी रंगनादीन, डॉ। रवि अन्नामलाई, डॉ। सुधारानी बनप्पागोदार, डॉ। जयराम मैलनकोडी और डॉ। राजेश बी गोयल शामिल रहे।