-गोमतीनगर और कैंट सर्किल को मिलाकर क्रिएट की नयी पोस्ट

- नये एसपी की पोस्टिंग एक दो दिन में

yasir.raza@inext.co.in

LUCKNOW: ट्रांसगोमती में बढ़ती वारदातों की रोकथाम के लिए एक एडीशनल एसपी की पोस्ट क्रिएट की गयी है। यानी ट्रांसगोमती में अब दो एडीशनल एसपी बैठेंगे। शहर के दो सर्किल को मिलाकर यह पोस्ट क्रिएट हुई है। एक सर्किल ईस्ट एरिया से जबकि दूसरा ट्रांसगोमती से लिया गया है। एसपी टीजी सेकेंड के लिए गोमतीनगर में आफिस की तलाश की जा रही है। जल्द ही पोस्टिंग का आदेश भी होने वाला है।

कैंट और गोमतीनगर सर्किल होगी शामिल

ईस्ट सिटी का कैंट सर्किल और ट्रांसगोमती फ‌र्स्ट के गोमतीनगर सर्किल को नये टीजी एरिया में शामिल किया गया है। दोनों सर्किल में तीन-तीन थाने हैं। अभी तक ट्रांसगोमती और ईस्ट में चार-चार सर्किल थी। अब ईस्ट में हजरतगंज के अलावा आलमबाग और कृष्णानगर बचेगी जबकि ट्रांसगोमती फ‌र्स्ट में महानगर, गाजीपुर और अलीगंज सर्किल बचेगी। यानी ट्रांसगोमती फ‌र्स्ट में नौ थाने होंगे जबकि ट्रांसगोमती सेकेंड में सिर्फ छह थाने होंगे। ईस्ट में महिला थाने को लेकर अब कुल 10 थाने हैं।

काफी दिनों से पेंडिंग था प्रस्ताव

यह प्रस्ताव काफी दिनों से पेंडिंग था। लखनऊ में महिला थाने को छोड़ कर पहले 36 थाने थे। 2011 में इनकी संख्या 42 हो गयी। साथ ही दो नयी सर्किल भी बनायी गयी जिसमें कैंट और गाजीपुर शामिल थी। थानों के बढ़ने के साथ एक एडीशनल एसपी के पद को भी बढ़ाये जाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया था लेकिन फैसला नहीं हो सका था। डीजीपी जावीद अहमद ने इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है।

नौ थानों पर एक एडीशनल एसपी का मानक

मानक के अनुसार तीन थानों पर एक सर्किल और तीन सर्किल पर एक एडीशनल एसपी सुपरविजन के लिए होता है। राजधानी में लंबे समय से चार एडीशनल एसपी की पोस्ट है। एसपी ईस्ट, एसपी वेस्ट, एसपी ट्रांसगोमती और एसपी रूरल। अब यह संख्या पांच हो जाएगी। आईजी लखनऊ जकी अहमद का कहना है कि राजधानी के विस्तार को देखते हुए शासन स्तर पर यह डिसीजन लिया गया है।

इन जिलों में रहते हैं तीन एडीशन एसपी

एडीजी लॉ एंड आर्डर दलजीत सिंह चौधरी ने बताया कि वैसे तो नौ थानों पर एक एडीशनल एसपी का मानक है लेकिन यदि 12 से अधिक थाने किसी जिले में हैं तो वहां दो एएसपी तैनात किये जाते है। कवाल टाउन (कानपुर, इलाहाबाद, वाराणसी, आगरा और लखनऊ) में एडीशनल एसपी की तीन एडिशनल पोस्ट है। यह पोस्ट एसपी क्राइम, एसपी ट्रैफिक और एसपी प्रोटोकाल की है।