लखनऊ (ब्यूरो)। नए साल 2024 का काउंटडाउन शुरू हो गया है। लखनवाइट्स ने न्यू ईयर के वेलकम की तैयारियां भी अपने स्तर से शुरू कर दी हैं। बड़ी संख्या में लोग इस बार न्यू ईयर का वेलकम करने गोवा, मनाली, शिमला और नार्थ ईस्ट जा रहे हैं। वहीं, राजधानी में एक बड़ा तबका ऐसा भी है जो वर्ष 2024 का स्वागत थाईलैंड, मलेशिया, इंडोनेशिया और यूरोपियन कंट्रीज में करने की तैयारी कर चुका है। ट्रैवल एजेंट्स के अनुसार बीते साल की तुलना में ऐसे लोगों की संख्या में इस बार करीब 30 फीसद का इजाफा हुआ है। इस बार फारेन टूरिज्म के लिए दो हजार से अधिक लोगों ने वीजा के लिए अप्लाई किया है।

पैकेज प्लान पर रहा फोकस

ट्रैवल एजेंट अभिषेक के मुताबिक इस बार फॉरेन डेस्टिनेशन लोगों की पहली पसंद है। लोगों ने खासकर मलेशिया, थाईलैंड, श्रीलंका, यूरोप, बाली व मॉरीशस आदि के लिए पैकेज प्लान लिया है। हम लोग 20 से अधिक विदेशी पैकेज बुक कर चुके हैं, जो 28 दिसंबर से 30 दिसंबर के बीच के हैं। लोकल में मनाली, केरला, राजस्थान, मुंबई और नार्थ ईस्ट लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। बीते साल के मुकाबले करीब 30 फीसद की ग्रोथ है। इस बार बिजनेस काफी अच्छा रहा है।

गल्फ कम आ रहा पसंद

ट्रैवल कंपनी चलाने वाले नीरज पाहूजा बताते हैं कि कोरोना के बाद अब लोग विदेश ज्यादा घूमना पसंद कर रहे हैं। पहले लोग गल्फ कंट्री ज्यादा जाते थे। अब युवा खासतौर पर स्विटजरलैंड, मॉरीशस, नेपाल, बाली, यूरोप आदि ज्यादा पसंद कर रहे हैं। वीजा फ्री कंट्री की संख्या बढऩे से भी डिमांड बढ़ी है। वहीं, लोकल में नार्थ-ईस्ट की धीरे-धीरे डिमांड बढ़ती जा रही है। एयर और रेल कनेक्टिविटी के कारण लोग ज्यादा जाना पसंद कर रहे हैं। इनकी बुकिंंग पहले ही हो चुकी है। ऐसे में अब जगह नहीं बची है। अब लोग जनवरी के लिए बुकिंग करा रहे हैं।

होटलों में बुकिंग फुल

होटल ताजमहल के शबाहत हुसैन ने बताया कि न्यू ईयर को लेकर स्पेशल प्रोग्राम किया जा रहा है। जिसमें अवधि क्यूजीन समेत बुफे की व्यवस्था होगी। बैंड और गजल प्रोग्राम भी होगा। हयात रिजेंसी की यशि ने बताया कि बॉलीवुड नाइट थीम पर पूरा सेटअप तैयार किया गया है। साथ ही अनलिमिटेड बुफे की भी व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा, राजधानी के अन्य नामी-गिरामी होटल, क्लब और रेस्ट्रो में भी अलग-अलग प्रोग्राम हो रहे हैं।