- 2015 बैच की 5787 महिला सिपाहियों को जिले किए गये एलॉट

- सूबे में करीब बीस हजार महिला इंस्पेक्टर से लेकर सिपाही तक

महिला पुलिसकर्मियों को भर्ती किया जाना
lucknow@inext.co.in
LUCKNOW : पुलिस महकमे में वीमेन पावर का दम दिखने लगा है। फोर्स में महिलाओं का 20 फीसद प्रतिनिधित्व देने के लिए विभाग ने कमर कस ली है। तीन दिन पहले डीजीपी मुख्यालय ने हाल ही में भर्ती हुई 5787 ट्रेनी महिला सिपाहियों को जिले एलॉट किए हैं। खास बात यह है कि यह अलॉटमेंट इस एहतियात के साथ किया गया है कि जिलों में उपलब्ध कुल पुलिस बल का 20 फीसद महिला पुलिसकर्मी हों। यह बात दीगर है कि इसके लिए अभी बड़े पैमाने पर महिला पुलिसकर्मियों को भर्ती किया जाना है पर डीजीपी मुख्यालय की इस कवायद से यह साफ है कि फोर्स में महिलाओं का दखल बढ़ता जा रहा है।

महिलाओं की बढ़ रही तादाद
पुलिस भर्ती में जिस तरह महिलाओं ने रुचि दिखाई है उससे साफ है कि उनका रुझान इस ओर तेजी से बढ़ा है। हाल ही में सिपाही सीधी भर्ती में भी पांच लाख महिलाओं ने आवेदन कर रिकॉर्ड तोड़ा था। वहीं दूसरी ओर तीन महिला पीएसी वाहिनी बनाने को करीब चार हजार महिला सिपाहियों की भर्ती का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। दरअसल पुलिस महकमे में वर्तमान में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या खासी कम है पर इस ओर उनके बढ़ते रुझान से जल्द ही इस कमी के पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है। यदि नियतन की बात करें तो पुलिस महकमे में इंस्पेक्टर से लेकर सिपाही तक करीब 2.80 लाख कर्मचारी होने चाहिए। इसके अनुसार महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 55 हजार के करीब होनी चाहिए जो वर्तमान में सिपाही सीधी भर्ती 2015 को मिलाकर बीस हजार ही है। ध्यान रहे कि सूबे में इंस्पेक्टर से लेकर सिपाही तक के एक लाख आठ हजार पद रिक्त हैं।

फैक्ट फाइल
- 2,79,447 पुलिसकर्मी होने चाहिए नियतन के मुताबिक

- 1,70,876 पुलिसकर्मी वर्तमान में कार्यरत हैं

- 1,08,571 पुलिसकर्मियों की कमी है वर्तमान में

- 34 हजार महिला पुलिसकर्मी होनी चाहिए उपलब्धता के अनुसार

- 55 हजार महिला पुलिसकर्मी होनी चाहिए नियतन के मुताबिक

सूबे में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या

इंस्पेक्टर- 252

एसआई- 658

हेड कांस्टेबल- 359

कांस्टेबल- 13002