- 1 लिखित संदेश घर भेजा जाएगा

- 20 टिप्स होंगे संदेश में

- 4 लाख प्रति प्रिंट कराई जाएगी संदेश की

- संदेश वाहक होंगे स्कूल, कॉलेज व प्राइवेट संस्थानों के बच्चे

- अचानक बढ़ रहे कई गुना मामले, पुलिस ने जागरूकता के लिए चलाई अनोखी पहल

mayank.srivastava@inext.co.in

LUCKNOW: साइबर फ्रॉड से लखनवाइट्स को बचाने के लिए पुलिस ने अनोखी पहल शुरू की है। इसके तहत लखनवाइट्स को न केवल जागरुक किया जाएगा बल्कि उनके घर तक इससे बचने का संदेश भेजा जाएगा। यह संदेश कोई और नहीं बल्कि स्कूल, कॉलेज के बच्चों के जरिये पहुंचाया जाएगा ताकि उनके पैरेंट्स साइबर फ्रॉड से बच सकें। घर पर भेजी गई संदेश चिट्टी पर करीब 20 टिप्स बताए जाएंगे जोकि बहुत ही सरल और आसान भाषा में होगी ताकि लोग उसे पढ़कर साइबर फ्रॉड करने वालों को पहचान लें और ठगी से बच सकें।

संदेश चिट्टी में होंगे बीस टिप्स

एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर कई बार अभियान चलाने के बाद भी फ्रॉड कम नहीं हो रहा है। इससे बचने के लिए ग्राउंड लेबल पर अब लोगों को जागरुक किया जाएगा। लोगों के घरों तक एक लिखित संदेश भेजा जाएगा। इस संदेश में करीब 20 ऐसे टिप्स बताए जाएंगे जिससे साइबर फ्रॉड से बचा जा सकता है। टिप्स बहुत ही सरल भाषा में होंगे ताकि लोगों को आसानी से समझ में आ सकें। इस संदेश को बनाने की जिम्मेदारी साइबर क्राइम सेल के नोडल इंचार्ज सीओ हजरतगंज को सौंपी गई है।

ऐसे पहुंचाया जाएगा घर-घर संदेश

एसएसपी कलानिधि के अनुसार संदेश की करीब चार लाख कापी प्रिंट कराई जाएगी। इन्हें कई माध्यमों से लोगों के घरों तक पहुंचाया जाएगा। पहला माध्यम स्कूली बच्चे होंगे, जो खुद अपने पैरेंट्स के हाथ में यह संदेश देंगे और उन्हें जागरुक करेंगे। इसके लिए शहर के सभी स्कूल, कॉलेज में यह संदेश प्रिंसिपल के माध्यम से क्लास रूम में बच्चों को बांटे जाएंगे। इसके अलावा प्राइवेट संस्थान, बैंक, हॉस्पिटल के जरिए भी वहां आने वाले लोगों को संदेश भेजा जाएगा। न्यू पेपर, घरेलू सामान, मॉल, मेडिकल स्टोर आदि अन्य संसाधनों का भी प्रयोग किया जाएगा।

क्यों पड़ रही जरूरत

रोड पर होने वाले अपराध से कई गुना ज्यादा हर दिन साइबर फ्रॉड हो रहे हैं। बैंक अफसर बनकर साइबर ठग कम पढ़े लिखे या फिर बुजुर्गो का कॉल कर अपना शिकार बना रहे हैं। फेक आईडी सिम के जरिए वह पुलिस के शिकंजे में नहीं आ पाते हैं। यहीं नहीं फेक ई मेल, फर्जी मैसेज भेजकर भी लोगों को शिकार बना रहे हैं। वर्चुवल व‌र्ल्ड में कई तरह से साइबर अपराध को अंजाम दिया जा रहा हैं।

संदेश से यह दिये जाएंगे टिप्स

संदेश के माध्यम से लखनवाइट्स को यह टिप्स दिये जाएंगे कि आप के एकाउंट की डिटेल पूछने का अधिकार किसी के पास नहीं है, आप से कोई ओटीपी मांगता है तो उसे कभी मत दें। असली नकली ई मेल की पहचान के साथ सेफ ऑनलाइन शॉपिंग के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। यहीं नहीं इसके बाद भी साइबर फ्रॉड होता है तो सबसे पहले क्या करें और क्या न करें। वहीं इसकी डिटेल के साथ कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया के बारे में भी अवगत कराया जाएगा।

कोट-

साइबर फ्रॉड से लोगों को बचाने के लिए लखनऊ पुलिस घर-घर संदेश भेजेगी। स्कूली बच्चों के माध्यम से करीब बीस टिप्स लोगों बताए जाएंगे जिसका यूज कर लोग साइबर फ्रॉड से बच सकें।

कलानिधि नैथानी, एसएसपी