- शैलेष गौड़ का ग्रुप कोरोना काल में कर रहा लोगों की मदद

LUCKNOW

कोरोना के गंभीर मरीजों को ब्लड से लेकर प्लाज्मा तक की जरूरत पड़ रही है। काफी कोशिशों के बाद भी ये उन्हें आसानी से उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। तीमारदार ब्लड और प्लाज्मा के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। ऐसे में कई ग्रुप लोगों की मदद करने के लिए सामने आए हैं। जरूरतमंदों के एक मैसेज पर ये लोग प्लाज्मा डोनेट करने के लिए आगे आ रहे हैं। ये लोग सिर्फ यूपी में ही नहीं दूसरे प्रदेश के कोविड मरीजों की भी मदद कर रहे हैं।

2017 में बनाया ग्रुप

शैलेष गौड़ ने बताया कि 2017 में उनके पिता का अस्पताल में इलाज चल रहा था। उन्हें ब्लड की जरूरत थी लेकिन काफी भाग-दौड़ के बाद भी ब्लड नहीं मिला और उनकी हालत गंभीर हो गई। हालांकि बाद में किसी तरह ब्लड मिल गया। उसी दिन से मैंने ठान लिया कि अब मैं खुद तो ब्लड डोनेट करूंगा ही साथ ही दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करूंगा। दिसंबर 2017 में मैंने ब्लड हेल्पर्स ग्रुप शुरू किया और लोगों को अपनी मुहिम से जोड़ता गया। हमारा ग्रुप आज देश के कई प्रदेशों में जरूरतमंदों की मदद कर रहा है।

1500 से अधिक मदद

शैलेष गौड़ ने बताया कि ब्लड डोनेशन को लेकर लोगों के मन में कई भ्रांतियां हैं जिसके कारण वे ब्लड डोनेट करने में हिचकते हैं। हमारा ग्रुप इन भ्रांतियों को ही दूर कर रहा है। शुरू में हमने सोशल मीडिया पर लोगों से ब्लड डोनेट करने की अपील की। धीरे-धीरे लोग हमसे जुड़ते गए। इसके बाद मैंने कैंप लगाकर लोगों को ब्लड डोनेशन के फायदे बताए, उनके संदेहों को दूर किया। इस तरह लोग हमारे साथ जुड़ते गए और आज करीब 1500 से अधिक लोगों की हम मदद कर चुके हैं।

रोज चार-पांच लोगों की मदद

शैलेष ने बताया कि कोरोना काल में ब्लड और प्लाज्मा की सर्वाधिक डिमांड आ रही है। रोज उनके नंबर पर 25 से 30 मैसेज मदद के लिए आते हैं। हमसे जितना संभव हो पाता है, हम उतनी मदद लोगों की करते हैं। रोज हम चार से पांच लोगों की मदद कर रहे हैं। सर्वाधिक काम प्लाज्मा डोनेशन का हो रहा है। मैं अब तक खुद 24 बार ब्लड डोनेट कर चुका हूं। हमारा ग्रुप रांची, दिल्ली, जयपुर, उदयपुर, लखनऊ और उत्तराखंड में चल रहा है। अगर किसी को ब्लड या प्लाज्मा की जरूरत है तो वह मोबाइल नंबर 9506911711 पर संपर्क कर सकता है।

इस नंबर पर करें संपर्क

9506911711