- रक्षा मंत्री ने टेढ़ी पुलिया फ्लाईओवर का लोकार्पण एवं खुर्रम नगर में चार लेन के फ्लाईओवर का शिलान्यास किया

- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहे मौजूद

LUCKNOW

एक तरफ जहां राजधानीवासी अब टेढ़ी पुलिया के पास बने नए फ्लाईओवर पर फर्राटा भर सकेंगे, वहीं दूसरी तरफ राजधानी को दस नए फ्लाईओवर की भी सौगात मिल गई है। जिससे साफ है कि इन फ्लाईओवर के निर्माण के बाद लोगों को जाम की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। विकासनगर के मिनी स्टेडियम में आयोजित समारोह में रक्षा मंत्री ने यह मांग सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के सामने रखी, जिसकी उन्होंने मंजूरी भी दे दी।

विकास मेरी प्राथमिकता

मिनी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यहां का सांसद होने के नाते मेरी भी जिम्मेदारियां हैं। राजधानी में हर तरफ विकास ही मेरी प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहाकि कुछ इलाकों में फ्लाईओवर जरूरत है, जिनका निर्माण किए जाने की मांग केंद्रीय मंत्री गडकरी के सामने रखी है, जो उन्होंने स्वीकार भी कर ली हैं। रक्षा मंत्री ने जानकारी दी है कि लखनऊ में डीआरडीओ का एक नया केंद्र स्थापित हो रहा है। इसके लिए 36 एकड़ जमीन मांगी गई है। यह केंद्र रक्षा क्षेत्र में रिसर्च का काम करेगा। राजधानी में फाइव जी नेटवर्क पर भी काम जारी है।

700 करोड़ का निवेश

रक्षा मंत्री ने जानकारी दी कि साउथ कोरिया की कंपनी ने राजधानी की एक कंपनी के साथ अनुबंध किया है। उक्त कंपनी की ओर से 700 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। कंपनी इलेक्ट्रिकल वाहनों का निर्माण करेगी।

लखनऊ से कानपुर 45 मिनट में

रक्षा मंत्री ने नितिन गडकरी से लखनऊ-कानपुर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे परियोजना का काम चार महीने में शुरू कराने की मांग रखी। रक्षा मंत्री ने कहा कि यह एक्सप्रेस वे 63 किलोमीटर लंबा तथा 6 लेन का होगा। इसके निर्माण पर 4700 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके बनने के बाद लोग लखनऊ से कानपुर 45 मिनट में पहुंच जाएंगे।

यहां फ्लाईओवर प्रस्तावित

1- कानपुर रोड से बाराविरवा चौराहे पर फ्लाईओवर

2- कुकरैल के पास से क्लोवर लीफ फ्लाईओवर

3- मुंशीपुलिया चौराहे से पॉलीटेक्निक चौराहे तक फ्लाईओवर

4- लखनऊ हरदोई राष्ट्रीय राजमार्ग पर आईआईएम की तरफ जाने वाले तिराहे पर फ्लाईओवर का निर्माण।

5- मटियारी से शहीद पथ को जोड़ने के लिए फ्लाईओवर

6- सुल्तानपुर रोड पर शारदा नहर के दोनों तरफ निर्मित 6 लेन आउटर रिंग रोड को गोसाईंगंज मोहनलालगंज बनी की ओर जोड़ने के लिए फ्लाईओवर।

7- लखनऊ रायबरेली रोड पर तेलीबाग से पीजीआई तक 800 करोड़ से नया फ्लाईओवर।

8- पॉलीटेक्निक चौराहे से इंदिरा नगर को जोड़ने के लिए फ्लाईओवर

9- समता मूलक चौक पर फ्लाईओवर

10- इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर फ्लाईओवर

1.71 किमी लंबा होगा फ्लाईओवर

खुर्रम नगर से सेक्टर 25 इंदिरा नगर चौराहे पर चार लेन फ्लाईओवर का शिलान्यास किया गया। इसकी लंबाई 1.71 किमी। होगी। इसके निर्माण पर करीब 189.09 करोड़ रु। खर्च होंगे। इसके बन जाने के बाद खुर्रम नगर चौराहा एवं सेक्टर 25 इंदिरा नगर चौराहे से गुजरने वाले लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल जाएगी।

4 लेन फ्लाईओवर

टेढ़ी पुलिया पर चार लेन का फ्लाईओवर बनाया गया है। इसकी लंबाई करीब 1.83 किमी है। फ्लाईओवर के निर्माण पर करीब 95.42 करोड़ रु। खर्च हुए हैं। इसके शुरू हो जाने से अलीगंज, कुर्सी रोड, जानकीपुरम व खुर्रमनगर में रहने वाले लोगों को जाम की समस्या से निजात मिल गई है।