- राजधानी के 111 चौराहों पर दिखेंगे भगवान श्रीराम

- आरएसएस का सोमवार से तीन दिवसीय आयोजन होगा

LUCKNOW पांच अगस्त को जब भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या जगमगा रही होगी तो लक्ष्मणनगरी लखनऊ भी दमकेगी। राजधानी में भी नजारा दिल में घर कर लेने वाला होगा। चौराहे रंगबिरंगी लाइटों से सजे होंगे तो एयरपोर्ट से अयोध्या जाने वाली सड़कों की खूबसूरती किसी उत्सव की तरह दिखेगी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शहर के 111 चौराहों को सजाने का का जिम्मा लिया है। इन चौराहे पर भगवान श्री राम के भव्य चित्र वाली होर्डिंग भी नजर आएगी। तीन दिवसीय आयोजन में चौराहों को सजाने का काम तीन अगस्त तक पूरा हो जाएगा। पांच अगस्त को दीपोत्सव मनाया जाएगा। यह सब श्रीराम मंदिर निर्माण के भूमिपूजन को लेकर होगा। संघ की राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति की तरफ से यह तैयारियां की जा रही हैं।

हर ओर भव्य नजारा

तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में चौराहों पर भगवान श्रीराम के चित्र और भगवा झंडे नजर आएंगे। इनमें प्रमुख तौर पर आलमबाग का अवध चौराहा, अटल चौराहा (हजरतगंज), गोल्फ क्लब चौराहा, लोहिया पथ पर 1090 चौराहा, समता मूलक चौराहा, लोहिया चौराहा, कैप्टन मनोज पांडेय चौराहा, पत्रकारपुरम, चौक, बालागंज, राजाजीपुरम, एवरेडी चौराहा, काकोरी, खुर्रमनगर चौराहा, इंजीनिय¨रग कॉलेज चौराहा और अर्जुनगंज चौराहा भी शामिल हैं। इसका जिम्मा चौराहा पालक और अन्य कार्यकर्ताओं को दिया गया है।

दुल्हन की तरह सजेगा लखनऊ-अयोध्या मार्ग

अमौसी हवाई अड्डे से लेकर अयोध्या मार्ग को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। नगर निगम ने इसकी कार्ययोजना भी बना ली है। शहर के सभी चौराहों को तिरंगे रंग की लाइटों से सजाया जाएगा। वैसे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट से विशेष विमान से अयोध्या जाएंगे लेकिन अमौसी पर आने वाले अन्य वीआइपी सड़क मार्ग से जाएंगे। इसलिए शहर को डिफेंस एक्सपो की तरह सुंदर दिखाया जाएगा। दीवारों पर की गई डिजाइन फिर से जीवंत किया जाएगा। जगह-जगह पौधे लगाए जाएंगे।

रंगबिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा

नगर आयुक्त डॉ। इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि एयरपोर्ट से कानपुर रोड, कानपुर रोड से अर्जुनगंज, अर्जुनगंज से हुसडि़या चौराहे तक, हुसडि़या से कमता होते हुए इंदिरा नहर तक, पॉलीटेक्निक चौराहे से इंदिरा नहर तक, अर्जुनगंज मोड़ से सोमनाथ द्वार तक, सोमनाथ द्वार से समता मूलक चौराहा तक, समता मूलक चौराहे से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान होते हुए कमता चौराहे तक की सड़क को रंगबिरंगी लाइटों, फूल पौधों से सजाया जाएगा। साथ ही, हजरतगंज, विधानसभा मार्ग, राजभवन पर लगे बिजली पोलों को तिरंगे रंग की लाइटों से सजाया जाएगा। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए शहर को आठ सेक्टर में बांटते हुए उसका एक प्रभारी बनाया गया है।

श्रीराम जप के साथ जलेगा घी का दीपक

मनकामेश्वर मंदिर में पांच हजार बार श्रीराम नाम जप होगा और श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए हुए संघर्ष को दिखाते हुए 502 घी के दीपक जलाए जाएंगे। दीपकों पर श्रीराम नाम अंकित किया जाएगा।

रोशनी से नहाएगा ऐशबाग रामलीला मैदान

ऐशबाग रामलीला मैदान में दिन में हवन, महायज्ञ और रात में रोशनी से नहाए मैदान में 501 घी के दीपक जलाए जाएंगे। पदाधिकारियों से अपने-अपनों घरो में 11 दीपक जलाने का आह्वान किया गया है।

कुडि़याघाट पर दीपदान

पांच अगस्त को शुभ संस्कार की तरफ से कुडि़याघाट पर 2020 दीपक जलाकर आदि गंगा गोमती की आरती की जाएगी। दीपकों से ही जय श्रीराम लिखा जाएगा।

रोशन होगा बड़ा शिवाला

चौक के ऐतिहासिक रानी कटरा के बड़ा शिवाला और चारों धाम मंदिर के श्रीराम दरबार को दीपक, झालरों से सजाया जाएगा। कोनेश्वर मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर, श्रीराम जानकी मंदिर व शास्त्री नगर के दुर्गा मंदिरों में दीपोत्सव होगा। घरों में भी दीपावली जैसा उत्सव नजर आएगा। लोगों ने दीपों की की खरीदारी शुरू कर दी है।