- श्रीराम लीला समिति ऐशबाग में रामलीला का आठवां दिन

LUCKNOW: श्रीराम लीला समिति ऐशबाग द्वारा आयोजित ऑनलाइन रामोत्सव के आठवें दिन शनिवार को सीता खोज, स्वयंप्रभा मिलन, हनुमान का लंका प्रस्थान, सीता रावण संवाद, अशोक वाटिका विध्वंस और लंका दहन लीला का मंचन किया गया। जिसका मोबाइल व लैपटॉप पर घर बैठे ही दर्शकों ने आनंद उठाया।

मनमोहक नृत्य से शुरुआत

रामलीला के पूर्व मयंक रंजन के सानिध्य में शिखा त्रिपाठी, शिप्रा निगम, काव्या आर कृष्णा, प्रगति, आलिया आदि ने भरतनाट्यम शैली में महिषासुर मर्दिनी से अपने कार्यक्रम की शुरुआत की। कलाकारों ने नृत्य के माध्यम से देवी के विभिन्न स्वरूपों को लोगों के सामने प्रस्तुत किया।

जल गई लंका

लाइव ऑनलाइन रामलीला की शुरुआत सीता खोज लीला से हुई। बालि के वध के बाद हनुमान, जामवंत व अंगद सहित तमाम वानर सेना सीता की खोज में निकलती है। इस दौरान उनकी मुलाकात संपाती से होती है। जो उनको बताते है कि सीता को रावण अपने साथ समुद्र पार करके लंका ले गया है। जिसके बाद हनुमान 100 योजन समुद्र पर उड़कर पार कर लंका पहुंचते हैं। इसके बाद राजा रावण का अशोक वाटिका में सीता के पास पहुंचना, विवाह प्रस्ताव रखना आदि लीलाएं हुई। इसके बाद सीता-हनुमान संवाद लीला के तहत हनुमान का राम की अंगूठी सीताजी के पास गिराना, अशोक वाटिका विध्वंस और लंका दहन लीला हुई।