- बुधवार को छह लोगों की संक्रमण से गई जान

- इससे पहले बीते साल सितंबर में मिले थे 1,244 मरीज

LUCKNOW: राजधानी में कोरोना की दूसरी लहर लगातार खतरनाक बनी हुई है। बुधवार को कोरोना संक्रमितों की संख्या ने अबतक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। बुधवार को राजधानी में 1,333 संक्रमित सामने आये हैं। इससे पहले सर्वाधिक 1,244 मरीज बीते साल 18 सितंबर को मिले थे। वहीं बुधवार को संक्रमण के चलते छह मरीजों की मौत हो गई, वहीं 469 मरीज कोरोना से ठीक हुए हैं। राजधानी में अब 8,852 एक्टिव केसेस हो गए हैं।

विशेष सचिव भी पॉजिटिव

विशेष सचिव नियुक्ति संजय सिंह भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। नियुक्ति अनुभाग के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को होम आइसोलेशन में रहने को कह दिया गया है। आईएएस संजय सिंह के संपर्क में आए अनुभाग 3 और 5 के अनुभाग अधिकारियों और कर्मचारियों को क्वारेंटाइन कर दिया गया है। इसके अलावा राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने खुद के पॉजिटिव होने की जानकारी अपनी फेसबुक आईडी पर दी है। यही नहीं भाजपा के संगठन महामंत्री सुनील बंसल की एंटीजन जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। जिसके बाद उनका सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजा गया है।

28 हजार से अधिक सैंपल

सर्विलांस एवं कांटेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर बुधवार को विभिन्न टीमों द्वारा 28,243 लोगों के सैंपल लिए और जांच के लिए केजीएमयू भेजा। राजधानी में इस समय एक्टिव होम आइसोलेशन में 5,539 मरीज हैं।

4056 मरीजों का लिया हाल

कोविड कंट्रोल रूम से बुधवार को होम आइसोलेशन के 4956 मरीजों से फोन पर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली गई। हेलो डॉक्टर सेवा में 146 मरीजों ने फोन कर स्वास्थ संबंधी परामर्श लिया। हेलो डॉक्टर सेवा 0522-3515700 पर कोविड संबंधित स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। कोविड कमांड कंट्रोल रूम 0522-4523000 और 0522-2610145 पर भी जानकारी की जा सकती है।

बाक्स

किस एरिया में कितने संक्रमित

एरिया संक्रमित

इंदिरा नगर 73

गोमती नगर 72

चौक 68

आशियाना 49

आलमबाग 44

ठाकुरगंज 41

हसनगंज 41

महानगर 37

रायबरेली रोड 28

जानकीपुरम 26

अन्य एरिया में भी संक्रमित मिले हैं।