लखनऊ (ब्यूरो)। उप्र संगीत नाटक अकादमी की ओर से पद्मविभूषण पं। बिरजू महाराज की स्मृति में रविवार को विशेष समारोह का आयोजन संत गाडगे जी महाराज प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम में पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

नृत्यनाटिका ने मोहा

कार्यक्रम में पद्म विभूषण पं। बिरजू महाराज की परिकल्पना और संगीत से संयोजित नृत्य नाटिका होरी धूम मचोरी की प्रस्तुति केंद्रीय आकर्षण रही। उसमें अबीर गुलाल चहुं दिश बरसत निकसी कान्हा की टोली, नर नारी कौ बच नहीं पइहें होरी धूम मचोरी का आनंद उपस्थित रसिकों ने उठाया। उसमें कृष्ण अपने सखाओं के साथ मदमस्त होकर होली के रंगों में सराबोर दिखे। वहीं दूसरी ओर राधा को अपने प्रिय कृष्ण का होली पर इंतजार करते दिखाया गया। इसमें त्रिभुवन महाराज, जाया भट्ट, रिधिमा, सिद्धि आदि ने मंच पर प्रस्तुति दी।

शिवोहम ने सभी को मोहा

कार्यक्रम की अगली कड़ी शिवोहम में जन्म मृत्यु के अंतहीन चक्र से मुक्ति दिलाने वाले महादेव शिव और संपूर्ण ब्रह्मांड को शामिल किया गया। उसमें ब्रह्मांडीय निर्माण के लिए ब्रह्मा, विष्णु संरक्षण के लिए और शिव संहार के रूप में पेश किये गए। शिवोहम में केवल शिव को नकारात्मकता का संहार करने वाला बताया गया। उसमें सागर विश्वकर्मा, आर्यव आनंद, खुशी बत्रा, शैलजा पंचकरण, तरंग गर्ग ने सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया।

छायानट का विमोचन

पद्मविभूषण पं। बिरजू महाराज पर केंद्रित अकादमी की पत्रिका छायानट का भी विमोचन किया गया। महाराज के जुड़े छुए अनुछुए, यादों को समेटे यह गागर में सागर पत्रिका का संग्रहणीय अंक है। इस अवसर पर अकादमी के निदेशक तरुण राज सहित अन्य विशिष्ट जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अलका निवेदन ने किया।