- विभूतिखंड में आयोध्या हाईवे पर हुआ हादसा

- घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया

LUCKNOW :

विभूतिखंड में अयोध्या हाईवे पर सवारियों से भरी रोडवेज बस खड़े डीसीएम से टकरा गई। यह बस गोरखपुर से कानपुर जा रही थी। इस हादसे में कंडक्टर समेत छह यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।

दूसरी बस से भेजे गए यात्री

इंस्पेक्टर विभूतिखंड चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि आयोध्या हाईवे पर गुरुवार सुबह गोरखपुर से कानपुर जा रही एक रोडवेज बस प्लाई लदे डीसीएम में पीछे से टकरा गई। यह हादसा सुबह 6 बजे के करीब हुआ। हादसे में बस कंडक्टर विपिन कुमार, कानपुर निवासी उमेश कुमार, संत कबीर नगर निवासी विशाल और राजमन और गोरखपुर निवासी सुरेश को चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। किसी भी घायल की हालत गंभीर नहीं है। बस के बाकी यात्रियों को रोडवेज की दूसरी बस से आगे के लिए रवाना किया गया।