- गुरु गोबिंद सिंह महाराज के प्रकाश पर्व पर पहुंचे सीएम योगी

- सीएम ने यहियागंज गुरुद्वारा में टेका मत्था

LUCKNOW: गुरु गोबिंद सिंह महाराज खुद इस जगह पर दो माह 13 दिन के लिए ठहरे थे। उनके साथ माता गुजरी का भी सानिध्य मिला। ऐसे में इस जगह की पवित्रता और बढ़ जाती है। उन्होंने देश और धर्म की रक्षा के लिए खुद को आगे बढ़ाया। अपने पिता, चारों बेटों और आखिर में खुद का बलिदान दे दिया। ऐसा कोई सामान्य आदमी नहीं कर सकता है। उन्होंने समाज को नई दिशा देने का काम किया है। उनका यह बलिदान देश हमेशा याद रखेगा। यह बातें बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहीं। वह गुरु गोबिंद सिंह के 355वें प्रकाश पर्व पर ऐतिहासिक गुरुद्वारा यहियागंज पहुंचे थे। इस दौरान डिप्टी सीएम डॉ। दिनेश शर्मा, विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक और मेयर संयुक्ता भाटिया भी मौजूद रहीं।

गुरु ग्रंथ साहिब पर हुई फूलों की बारिश

प्रकाश पर्व पर यहियागंज गुरुद्वारा को भव्य तरीके से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका। सचिव मनमोहन सिंह हैप्पी ने बताया कि कार्यक्रम में भाई दविंदर सिंह ने संगत को शबद कीर्तन द्वारा निहाल किया। ज्ञानी अंग्रेज सिंह ने गुरु गोबिंद सिंह के जीवन पर प्रकाश डाला। वहीं गुरु ग्रंथ साहिब पर फूलों की बारिश की गई। कार्यक्रम समापन के बाद संगत में गुरु का लंगर वितरित किया गया।

शबद कीर्तन गायन हुआ

श्री गुरु सिंह सभा ऐतिहासिक गुरुद्वारा नाका हिंडोला में गुरुद्वारा साहिब के हाल को फूलों और झालरों से सजाया गया। संगमरमर की पालकी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश किया गया। हजूरी रागी जत्था भाई राजिंदर सिंह ने हम इह काज जगत मो आये धरम हेत गुरदेव पठाए एवं पवित्र आसा दी वार का अमृतमयी कीर्तन गायन कर संगत को निहाल किया। श्रद्धालुओं द्वारा सुबह से ही सोशल डिस्टेंसिग का पालन करते हुए गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शन के बाद गुरबाणी का रसपान किया गया। साथ ही अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बग्गा ने संगतों को प्रकाश पर्व की बधाई दी।

गुरु का लंगर हुआ वितरित

कार्यक्रम के दौरान मुख्य ग्रंथी ज्ञानी सुखदेव सिंह ने गुरु गोबिंद सिंह के जीवन पर दिल को छू देने वाले विचार व्यक्त किये। बीबी जसप्रीत कौर ने साच कहों सुन लेहु सभै जिन प्रेम कियो तिन ही प्रभ पाइयो शबद कीर्तन गायन कर संगतों को मंत्रमुग्ध किया। साथ ही केकेएनएस और गुरमति संगीत अकादमी के बच्चों एवं माता गुजरी सत्संग सभा की सदस्याओं ने भी शबद कीर्तन गायन किया। कार्यक्रम समापन के बाद संगत में गुरु का लंगर वितरित किया गया।

बॉक्स

सीएम करेंगे शिलान्यास

आलमबाग गुरुद्वारा के मीडिया प्रभारी हरजीत सिंह ने बताया कि 31 जनवरी को गुरुद्वारा आलमबाग के पास खाली पड़ी जमीन पर साहिबजादा पार्क का शिलान्यास सीएम द्वारा किया जायेगा।

गुरुद्वारों में मना प्रकाश पर्व

गुरुद्वारा मानसरोवर में भी प्रकाश पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया। अध्यक्ष संपूर्ण सिंह बग्गा ने बताया कि सुबह प्रकाश के साथ विशेष दीवान सजाया गया और सूखे राशन का लंगर वितरित हुआ। इसके अलावा गुरुद्वारा सदर और आशियाना में भी प्रकाश पर्व मनाया गया।