लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानीवासियों को इस साल के अंत तक बड़ी सौगात मिल सकती है। यह सौगात अति व्यस्त समता मूलक चौराहे पर प्रस्तावित फ्लाईओवर से जुड़ी हुई है। संबंधित विभागों की ओर से फ्लाईओवर निर्माण को लेकर कई बिंदुओं पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैैं और उम्मीद है कि इस साल के अंत तक फ्लाईओवर निर्माण का काम भी शुरू करा दिया जाएगा। इस फ्लाईओवर के बनने से यहां से गुजरने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

व्हीकल लोड होगा कम

वर्तमान समय की बात करें तो समता मूलक चौराहे से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैैं। व्हीकल लोड अधिक होने के कारण यहां पर हादसे भी होते रहते हैैं। इस समस्या को दूर करने के लिए यहां पर फ्लाईओवर बनाने का फैसला किया गया है। खास बात यह है कि भविष्य में बढऩे वाले ट्रैफिक लोड को देखते हुए ही यहां पर फ्लाईओवर का डिजाइन इत्यादि तैयार किया जाएगा। जिससे जब तीन से चार साल में वाहन बढ़ेंगे तो भी इस चौराहे और फ्लाईओवर पर जाम की स्थिति सामने नहीं आएगी।

रिपोर्ट की जा रही तैयार

सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि समता मूलक चौराहे पर फ्लाईओवर को लेकर सेतु निगम की ओर से कई बिंदुओं पर अध्ययन शुरू कर दिया गया है। यह रिपोर्ट पीडब्ल्यूडी को सौंपी जाएगी। इसके आधार पर ही अगले कदम उठाए जाएंगे। फिजिबिलिटी इत्यादि रिपोर्ट पूरी होने के बाद यहां पर साइट ऑफिस निर्माण का काम किया जाएगा फिर फ्लाईओवर निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि इस साल के अंत तक फ्लाईओवर का निर्माण किया जा सकता है। वहीं दूसरी तरफ, मुंशी पुलिया से पॉलीटेक्निक तक बन रहे फ्लाईओवर का काम जोर पकड़ता हुआ नजर आ रहा है।