LUCKNOW: बालू अड्डा में दूषित जलापूर्ति से दो की मौत और कई के बीमार होने की घटना के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। यहां मुख्य गेट समेत सीढि़यों के दरवाजे पर ताला डाल दिया। पीडि़त परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर जुटे प्रदर्शनकारियों में से कुछ ने अराजकता भी की और नगर निगम में काम कराने आए लोगों को भी बाहर नहीं निकलने दिया। प्रदर्शन कर रहे महानगर इकाई के पदाधिकारियों ने अपर नगर आयुक्त अभय पांडेय को ज्ञापन भी सौंपा।

20 लाख दें मुआवजा

मृत बच्चों के परिवारजन को 20 लाख और बीमार बच्चों के परिवारों को इलाज के लिए पांच लाख रुपये मुआवजा देने की मांग को लेकर महानगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित, महासचिव सौरभ सिंह यादव, पूर्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा सहित कई कार्यकर्ता नगर निगम में धरने पर बैठ गए। करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन चला।

महानगर अध्यक्ष ने पूर्व मंत्री को दिया धक्का

प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं में खींचतान भी दिखी। प्रदर्शन के दौरान आगे की तरफ बैठे पूर्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा और महानगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित में झड़प हो गई। महानगर अध्यक्ष ने पूर्व मंत्री को जबरन आगे से हटाने की कोशिश की। इस पर पूर्व मंत्री ने महानगर अध्यक्ष से अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन या अराजकता

मुआवजे की मांग को लेकर नगर निगम मुख्यालय पर जुटे सपा कार्यकर्ताओं में आपसी खींचतान से अराजकता भी दिखाई दी। अलग-अलग गुट में दिख रहे कार्यकर्ता खुद को हाईलाइट करने के लिए छतों पर चढ़ गए और दरवाजों पर ताला डाल दिया। मुख्य गेट पर ताला डालने के दौरान एसीपी राघवेंद्र मिश्र ने कार्यकर्ताओं को ऐसा करने से रोका तो वह उनसे भिड़ने का प्रयास करने लगे लेकिन पुलिस की सख्ती से गेट बंद नहीं कर पाए। नेतृत्वविहीन प्रदर्शन के कारण कुछ कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर वाहनों को रोकने का भी प्रयास किया। अराजकता बढ़ने पर महानगर अध्यक्ष ने प्रदर्शन खत्म करने की घोषणा कर दी।