- सआदतगंज के नूरबाड़ी एरिया में हालात भयावह

- लोगों का आरोप, निगम कर्मी ही फेंक देते हैं कूड़ा

LUCKNOW एक तरफ जहां नगर निगम की ओर से शहर को स्वच्छ बनाने की कवायद की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ आलम यह है कि कई मोहल्ले ऐसे हैं, जहां नगर निगम की ओर से खुद ही अस्थाई डंपिंग जोन बना दिया गया है। इसकी वजह से जनता को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं आबादी के बीच डंपिंग जोन बनाने से संक्रामक बीमारियों के भी फैलने का खतरा मंडरा रहा है।

यहां की तस्वीर बदहाल

सआदतगंज वार्ड के तहत आने वाले नूरबाड़ी एरिया में अस्थाई डंपिंग जोन बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से यहां पर अस्थाई डंपिंग जोन बना हुआ है। निगम कर्मी खुद इधर-इधर से कूड़ा कलेक्ट करके यहां पर फेंक जाते हैं, जिसकी वजह से हर किसी को खासी परेशानी होती है।

कॉम्पैक्टर बन गया शोपीस

लोगों ने बताया कि अस्थाई डंपिंग जोन से कुछ दूरी पर ही टेंपो स्टैंड है। यहां पर नगर निगम की ओर से कॉम्पैक्टर लगाया गया था, जो लंबे समय से बंद चल रहा है। अगर यह कॉम्पैक्टर चल जाए तो अस्थाई डंपिंग जोन से राहत मिल सकती है।

हो चुका है विवाद

लोगों की मानें तो उन्होंने कई बार निगम कर्मियों को कूड़ा फेंकने से भी रोका, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। लोगों की माने तो कई बार निगम कर्मियों ने उनसे अभद्रता भी की। लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द अस्थाई डंपिंग जोन की समस्या से निजात मिले।

लोगों का वर्जन

यह बात सही है कि अस्थाई डंपिंग जोन की वजह से खासी परेशानी होती है। कूड़े के ढेरों से हर वक्त दुर्गध उठती रहती है।

विजय द्विवेदी

सड़क किनारे कूड़ा फेंके जाने की वजह से इलाके में संक्रामक बीमारियों के भी फैलने का खतरा मंडरा रहा है।

मनीष श्रीवास्तव

कॉम्पैक्टर होने के बावजूद घरों के बीच कूड़ा फेंका जा रहा है। दुर्गध के कारण घरों के अंदर भी रहना मुश्किल हो जाता है।

कल्लू पाल

लंबे समय से अस्थाई डंपिंग जोन बना हुआ है। निगम कर्मी खुद कूड़ा डाल रहे हैं। उन्हें रोकने की कई बार असफल कोशिश की जा चुकी है।

इलहाक सिद्दीकी