- निगम प्रशासन की ओर से की जा रही है तैयारी

- पूरे शहर में किया जाना है सर्वे, एक-एक मकान की हो रही जांच

LUCKNOWमकानों में रहने वाले किरायेदारों की अप्रत्यक्ष रूप से जानकारी जुटाने का काम शुरू किया जा रहा है। निगम की ओर से कराए जा रहे जीआईएस सर्वे के दौरान ऐसे मकान अलग से चिन्हित किए जाएंगे, जिनमें किरायेदार रहते हैं। ऐसे मकानों की अलग से लिस्ट बनाई जाएगी। इस कदम के बाद यह साफ हो जाएगा कि शहर में कितने ऐसे मकान हैं, जिनमें किरायेदार रहते हैं।

टैक्स में होगी बढ़ोत्तरी

किरायेदारी पर चढ़े मकानों के सामने आने के बाद निगम के कोष में टैक्स संबंधी बढ़ोत्तरी भी होगी। इसकी वजह यह है कि अगर किसी मकान में किरायेदार रहते हैं तो उस मकान के टैक्स में 25 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की जाती है।

पूरे शहर में होना है सर्वे

निगम की ओर से पूरे शहर में जीआईएस सर्वे कराया जाना है। तीन जोन में यह कार्य प्रगति पर है। सर्वे के दौरान कई एरिया में नए मकानों की संख्या भी सामने आई है। इसमें से अब देखा जाएगा कि कितने मकानों में किरायेदार रह रहे हैं।