लखनऊ (ब्यूरो)। राष्ट्रीय वेक्टर जनित नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ। संदीप सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा 2 से 15 अप्रैल तक संचारी रोग और 15 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। जिसके तहत घर-घर जाकर बुखार के मरीजों को खोजा जाएगा। साथ ही उनकी टेस्टिंग से लेकर दवा वितरण तक का काम किया जाएगा। इसके लिए आशा और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को काम पर लगाया जायेगा।
हॉट स्पॉट एरिया से शुरुआत
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनाई जा रही कार्ययोजना के तहत अभियान की शुरुआत सबसे पहले बड़े हॉट स्पॉट एरिया जैसे फैजुल्लागंज, गोमती नगर, इंदिरा नगर और त्रिवेणी नगर आदि इलाकों से होगी। इसके बाद लो रिस्क जोन में कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जाएगा।
माइक्रोप्लानिंग की जा रही है
नोडल इंचार्ज डॉ संदीप सिंह के मुताबिक अभियान के लिए माइक्रोप्लानिंग बनाई जा रही है। इसमें 11 विभागों को मिलकर काम करना है। जल्द ही डिस्ट्रीक्ट टास्क फोर्स की दो बैठके होनी है। जिसमें अन्य विभागों की कार्ययोजनाओं पर काम किया जाना है।

किस विभाग की क्या जिम्मेदारी
उद्यान विभाग
उद्यान विभाग की ओर से राजधानी में कई एरिया में मच्छर रोधी पौधे लगाए जाएंगे।
नगर निगम
मच्छरों को रोकने के लिए राजधानी के सभी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर फॉगिंग का काम कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग
स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंटी लार्वा का छिड़काव करने के साथ-साथ घर-घर जाकर जांच का काम किया जाएगा।

जल्द ही विभाग द्वारा विशेष संचारी रोग अभियान और दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए माइक्रोप्लानिंग पर काम किया जा रहा है।
डॉ संदीप सिंह, नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय वेक्टर जनित नियंत्रण कार्यक्रम