लखनऊ (ब्यूरो)। 1 दिसंबर से शुरू हो रहे तीन दिवसीय 75 जनपद 75 घंटे 750 निकाय अभियान में अगर नगर निगम लखनऊ को पहला स्थान हासिल करना है तो नगर निगम प्रशासन को हर हाल में राजधानी में सभी गार्बेज प्वाइंट समाप्त करने होंगे साथ ही उनका सौंदर्यीकरण भी कराना होगा। ऐसा करने पर ही नगर निगम को पहला पुरस्कार मिल सकता है। खास बात यह है कि यह अभियान सिर्फ लखनऊ नगर निगम के लिए नहीं है बल्कि सभी नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत के लिए है। इससे खुद अंदाजा लगाया जा सकता है कि पहला पुरस्कार पाने के लिए निगम लखनऊ को खासी मेहनत करनी होगी।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत अभियान

स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय भारत सरकार द्वारा आजादी के 75 अमृत महोत्सव के अंतर्गत अंतिम माह के उपलक्ष्य में प्रतिबद्ध 75 जनपद 75 घंटे 750 निकाय अभियान एक दिसंबर से शुरू किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रदेश के सभी 750 निकायों में कूड़ा एकत्रीकरण प्वाइंट को समाप्त करके स्वच्छ स्थान में परिवर्तित किया जाना है।

ये करना होगा निकायों को

सभी निकायों को नए सिरे से गार्बेज प्वाइंट्स को चिन्हित करते हुए उन्हें समाप्त करना होगा। इसके साथ ही उक्त प्वाइंट को क्लीन करके वहां पर सौंदर्यीकरण वर्क कराना होगा। इसी क्रम में वेंडर्स को भी प्रॉपर व्यवस्थित करके सीनियर सिटीजन के लिए बेंच आदि की व्यवस्था करनी होगी।

दिए जाएंगे तीन पुरस्कार

अभियान में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले नगर निकायों, नगर पंचायतों, नगर पालिका परिषद को फस्र्ट, सेकंड और थर्ड कैटेगरी में पुरस्कार दिए जाएंगे। ऐसे में नगर निगम लखनऊ के सामने फस्र्ट पुरस्कार हासिल करने की चुनौती होगी।

पहले से बेहतर हुई है स्थिति

स्वच्छता सर्वेक्षण की परीक्षा में भले ही निगम को रैैंकिंग का नुकसान हुआ हो लेकिन इसके बाद निगम की ओर से ज्यादातर गार्बेज प्वाइंट्स समाप्त कर दिए गए हैं। जबकि अभी 50 से अधिक गार्बेज प्वाइंट्स हैैं, जिन्हें समाप्त किया जाना है। यह काम निगम को एक दिसंबर से पहले करना होगा साथ ही उक्त स्थानों पर सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराना होगा। अगर निगम लखनऊ ऐसा कर लेता है तो साफ है कि निगम को अभियान में पहला पुरस्कार मिल सकता है। नगर आयुक्त डॉ। इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर निगम टीमों ने रविवार से ही गार्बेज प्वाइंट्स को चिन्हित करने का काम शुरू कर दिया है।

लगातार की जाएगी समीक्षा

अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए निगम टीम की ओर से लगातार प्रयास किए जाएंगे और इन प्रयासों की हर कदम पर मॉनीटरिंग भी की जाएगी। जिससे अभियान में निगम लखनऊ बेहतर प्रदर्शन कर सके। खास बात यह है कि गार्बेज प्वाइंट्स को समाप्त करने से इसका सीधा फायदा जनता को मिलेगा और शहर भी खासा स्वच्छ नजर आएगा। गार्बेज प्वाइंट समाप्त होते ही राजधानी की हवा भी शुद्ध रहेगी।