लखनऊ (ब्यूरो)। गर्मी सबको लगती है, फिर चाहे चोर हो या सिपाही। भीषण गर्मी में चोरी के इरादे से एक डॉक्टर के मकान में घुसे चोर को एसी की ठंडी हवा मिली तो वह वहीं सो गया। हालांकि, एसी की ठंडी हवा ने उसे जेल की हवा खिला दी। यह घटना इंदिरा नगर सेक्टर 20 की है। डॉक्टर के पड़ोसी की सूचना पर गाजीपुर पुलिस ने चोर को मकान में सोते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। इंदिरानगर सेक्टर 20 में डॉ। सुनील पांडेय के घर संडे मार्निंग ताला तोड़कर घुसे चोर ने बर्तन समेत अन्य सामान समेटा। उसे एक बोरी में रखा। इसके बाद एसी और पंखा चलाकर तकिया लगाकर वहीं सो गया। पड़ोसियों की सूचना पर सुबह नौ बजे पुलिस और डाक्टर पहुंचे। चोर को रंगे हाथ धर दबोचा। डॉक्टर और पड़ोसियों ने चोर को पहले जमकर पीटा।

चोरी के आधा दर्जन केस दर्ज हैं आरोपी पर

गाजीपुर थाने के इंस्पेक्टर विकास राय के मुताबिक, गिरफ्तार चोर मुसद्दीपुर का रहने वाला कपिल कश्यप है। डॉ। सुनील पांडेय का एक मकान इंदिरानगर सेक्टर 10 में भी है। वह वहीं परिवार के साथ रहते हैं। यह मकान बंद रहता है। कभी-कभार यहां आते हैं। उनकी कुछ गृहस्थी और फर्नीचर यहां रखा है। तड़के मौका पाते ही ताला तोड़कर कपिल घर में घुसा था। उसने इनवर्टर की बैट्री, गीजर, बर्तन और कुछ अन्य सामान दो बोरियों में भर लिया। नशे में होने के कारण वह सोफे पर ही सो गया। सुबह पड़ोसियों ने ताला टूटा पड़ा देखा तो डॉक्टर को सूचना दी। डॉक्टर ने पुलिस कंट्रोल रूम को बताया। पुलिस और डॉक्टर के साथ कुछ पड़ोसी भी घर के अंदर पहुंचे। वहां कपिल सोता मिला। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसीपी विकास कुमार जायसवाल ने बताया कि कपिल के खिलाफ चोरी के छह मुकदमे दर्ज हैं। वह कुछ माह पहले ही चोरी के मामले में जेल से छूटा था।