3 अगस्त को है रक्षाबंधन का पर्व

2 साल से महिलाओं को दी जा रही है फ्री सफर की सुविधा

11 लाख महिलाओं ने प्रदेश में पिछले साल किया था सफर

01 लाख राजधानी की महिलाओं ने किया था फ्री सफर

- कोरोना के चलते इस बार अब तक नहीं हो सका है फ्री सफर का फैसला

- परिवहन निगम कर रहा शासन के फैसले का इंतजार

LUCKNOW: इस बार रक्षाबंधन के पर्व पर रोडवेज बसों में महिलाओं को फ्री सफर की सुविधा मिलेगी कि नहीं, यह तस्वीर अभी साफ नहीं है। बड़ी संख्या में महिलाएं बस अड्डों पर जाकर इसकी जानकारी कर रही हैं। परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार इस बार मामला कोरोना संकट को देखते हुए फंस सकता है, हालांकि अभी शासन के फैसले का इंतजार किया जा रहा है।

मिल रही थी फ्री सफर की सुविधा

बताते चलें कि पिछले दो साल से रक्षाबंधन के दिन रोडवेज बसों में महिलाओं को फ्री सफर की सुविधा दी जा रही है। बड़ी संख्या में महिलाएं इस सुविधा का लाभ भी उठाती रही हैं। इस बार तीन अगस्त को रक्षाबंधन है, लेकिन अभी महिलाओं को फ्री सफर का गिफ्ट मिलेगा कि नहीं, यह डिसाइड नहीं है।

इस बार स्थिति दूसरी

रोडवेज के अधिकारियों के अनुसार कोरोना के चलते लोगों से अपील की जा रही है कि वह जरूरी काम के लिए ही घरों से बाहर निकलें। ऐसे में अगर फ्री सफर की सुविधा दी जाएगी तो बसों में भीड़ काफी हो जाएगी और संक्रमण का खतरा बढ़ जाएगा। शायद इसी कारण से अभी फ्री सफर की सुविधा पर फैसला नहीं हुआ है। हर शासन के निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं।

की गई बसों की व्यवस्था

रोडवेज के अधिकारियों का कहना है कि अगर इस बार भी रक्षाबंधन पर महिलाओं को फ्री सफर की सुविधा दी जाती है तो इसके लिए उन्होंने पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था कर ली है। दिल्ली बार्डर के लिए विशेष तैयारी की गई है। हालांकि अभी जो बसों चल रही हैं, उनमें सिर्फ 50 फीसद लोग ही सफर कर रहे हैं।

कोट

रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को फ्री सफर की सुविधा के मामले में हम शासन के आदेश का इंतजार कर रहे हैं।

अतुल भारती, सीजीएम संचालन

परिवहन निगम

बॉक्स

खूब हो रही एडवांस बुकिंग

रक्षाबंधन के दिन फ्री सफर की सुविधा मिलने पर उन महिलाओं के टिकट वापस कर दिए जाते हैं, जिन्होंने एडवांस बुकिंग कराई होती है। सात दिन के अंदर राशि महिलाओं के खाते में वापस भेज दी जाती है। इस बार भी रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए खूब एडवांस बुकिंग कराई जा रही है।