- बसंत पंचमी के अवसर पर सभी मंडल मुख्यालयों पर अभ्युदय नाम से कोचिंग की शुरुआत होगी

- दिए गए रानी लक्ष्मीबाई और लक्ष्मण पुरस्कार

LUCKNOW:

बसंत पंचमी के अवसर पर सभी मंडल मुख्यालयों पर अभ्युदय नाम से कोचिंग की शुरुआत होगी। इसके लिए हर जिले से छात्रों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा स्कूल व कॉलेज के इंफ्रास्ट्रक्चर की मदद इन कोचिंग के लिए ली जाएगी। एक्सपर्ट अधिकारी भी छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान शुरू करने जा रही है। जिसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वालों का चयन मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली समिति करेंगी। ये बातें रविवार को अवध शिल्प ग्राम में उत्तर प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के उद्घाटन अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताई। ये कार्यक्रम तीन दिन चलेगा।

प्रदेश ने अपनी पहचान बदली है

सीएम योगी ने कहा कि हम कोरोना से लड़ते हुए हम प्रधानमंत्री के 'जान भी, जहान भी' के मंत्र को आत्मसात किए हुए हैं। प्रदेश आज नए बदलाव को मोड़ पर आया है। प्रदेश ने अपनी पहचान को बदला है। करीब डेढ़ करोड़ नौजवानों को निवेश के माध्यम से रोजगार और करीब 15 करोड़ नौजवानों को स्वरोजगार से जोड़ा है। इस दौरान सीएम योगी ने विश्व के सबसे बड़े खादी के मास्क और कैलाश खेर की आवाज में उत्तर प्रदेश गीत का लोकार्पण किया।

इनको मिला सम्मान

1- रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार

स्वर्णिमा जायसवाल, हिमानी सिंह, साक्षी जौहरी, विमला सिंह, ज्योति और आकांक्षा चौधरी।

2- लक्ष्मण पुरस्कार

नितिन तोमर, पुनीत कुमार, गौरव बालियान, सूरज यादव, राज कुमार, कुलदीप कुमार, वरुण सिंह भाटी, सचिन चौधरी, अबू हुबैदा और आकाश। नोट- सीएम योगी ने इन्हें अपने हाथों से सम्मान दिया।

नारी शक्ति की झलक

कार्यक्रम के दौरान 'इतिहास में महिला शक्ति' का मंचन किया गया। जिसमें नृत्य के माध्यम से सीता, द्रौपदी, झलकारीबाई, ऊदादेवी, अरुणिमा सिन्हा, रानी लक्ष्मीबाई, जैदी, आबिदी, महादेवी वर्मा आदि की योगदान और वीरता की झलक पेश की गई। इसके बाद महिला मार्शल आर्ट में लड़कियों ने स्ट्रीट फाइट के तहत मनचलों से कैसे निपटा जाए इसका बखूबी प्रदर्शन किया। वहीं दिव्यांग बालिकाओं ने भी जूडो का प्रदर्शन कर सबको हैरान किया। वहीं थारू जनजाति की महिलाओं ने भी अपनी संस्कृति की धमाकेदार झलक पेश की।