- सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम

- आज यूपी महोत्सव का होगा समापन

LUCKNOW: यूपी महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या रविवार की शाम भरतनाट्यम के साथ रॉक बैंड की धुनों से गुलजार हुई, जहां कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए अभिश्री और साक्षी ने दुर्गा स्तुति सर्व मंगल ममंगल्ये। पर भावपूर्ण अभिनय युक्त नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को भगवती देवी दुर्गा के नव रूपों के दर्शन कराए। महोत्सव अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को पुरस्कार वितरण के साथ यूपी महोत्सव का समापन होगा।

आवाज से बनाया मुरीद

कार्यक्रम के अगले दौर में शुभम सिंह ने शिव तांडव स्त्रोत पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की तालियां बंटोरी। इसके बाद स्वास्तिका सिंह और आंचल सिंह ने भरतनाट्यम नृत्य की सुरभि बिखेरी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 18 वर्षीय दृष्टिबाधित अब्दुल जाहिद ने दिल को छू जाने वाले गीत से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अब्दुल ने अपनी खनकती आवाज में मेरे रश्के कमर, पास बुलाती है और प्यार हमारा अमर रहेगा गीतों को सुनाकर श्रोताओं को अपना मुरीद बनाया। वहीं रॉक बैंड के कलाकारों ने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

14 से राजधानी में दिखेंगे पहाड़ों के रंग

पर्वतीय अंचल की संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरने उत्तरायणी कौथिग 14 जनवरी से शुरू होने वाला है। भारत रत्‍‌न गो¨वद बल्लभ पंत सांस्कृतिक स्थल पर मकर संक्रांति से शुरू होने वाले मेले को लेकर तैयारियां अंतिम दौर पर चल रही हैं। कौथिग के दौरान हस्तियों को पर्वत गौरव सम्मान भी दिया जाएगा।

गवर्नर करेंगी उद्घाटन

महापरिषद के अध्यक्ष गणेश चंद्र जोशी ने बताया कि मकर संक्रांति के दिन गवर्नर आनंदीबेन पटेल कौथिग का उद्घाटन करेंगी। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ 17 जनवरी को बतौर चीफ गेस्ट कौथिग मेले में शामिल होंगे। इस बार आयोजन के दौरान लोगों को मां नंदा देवी की राजजात यात्रा से रूबरू होने का मौका भी मिलेगा। पर्वतीय समाज की महिलाएं अपने अंचलों के पारंपरिक परिधानों में नजर आएंगी और आकर्षण का मुख्य केंद्र छोलिया नृत्य होगा। हर बार की तरह इस बार भी बाल मिठाई, बरास, माल्टा, दाल, जखिया, गडेरी, पहाड़ी नमक के साथ माड़वा का आटा महोत्सव के दौरान उपलब्ध रहेगा।