LUCKNOW NEWS: लखनऊ (ब्यूरो)। साइबर सेल के अधिकारियों ने बताया कि पहले जालसाज फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर किसी मजबूरी का बहाना बनाकर पैसे मांगते थे। अब यह ट्रेंड कुछ बदल गया है। अब लोगों को बदनाम करने के लिए भी ये काम किया जा रहा है। साइबर सेल पुलिस के अनुसार, वीआईपी समेत 200 के करीब ऐसे केस पेंडिंग हैं।

इस तरह चलता है खेल
साइबर क्रिमिनल्स बड़े नामों को अपना निशाना बनाते हैं। इसमें मंत्री, आईएएस से लेकर आईपीएस तक होते हैं। लोग जल्द ऐसे लोगों की आईडी पर शक नहीं करते हैं। आईडी भी पूरी तरह ओरिजनल लगती है। इसके बाद किसी न किसी बहाने से लोगों से पैसों की डिमांड की जाती है।

राजस्थान से चल रहा खेल
साइबर पुलिस के अधिकारियों की जांच में सामने आया कि इस तरह की ठगी का खेल राजस्थान के मेवात और भरतपुर से चल रहा है। साइबर ठगों का बैंक खाता दूसरे शहरों में है और पैसे का ट्रांजेक्शन किसी अन्य शहर से किया जा रहा है। जिससे इन तक पहुंचने में दिक्कत होती है।

इन बातों का रखें ध्यान
यूपी पुलिस के साइबर एक्सपर्ट राहुल मिश्र ने बताया कि साइबर क्रिमिनल की नजर रसूखदार लोगों पर रहती है। कुछ बातों को ध्यान में रखकर इस तरह की ठगी से बचा जा सकता है।

ऐसे करें बचाव
- ठगी से बचने के लिए सतर्कता जरूरी है।
- आपके पास कोई रिक्वेस्ट आई है तो उसे वेरिफाई करें
- बिना सोचे-समझे किसी को भी पैसा न भेजें।
- ठगी का शिकार होने पर सूचना साइबर पुलिस को दें।
- अंजान आईडी पर विश्वास न करें।
- कोई पैसा मांग रहा है तो उसे वेरिफाई करें।
- सोशल मीडिया पर अकाउंट को प्राइवेट रखें।

केस-1
जनवरी 2024: यूपी के प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद के नाम से साइबर ठगों ने फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया और उनके परिचितों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। साइबर सेल ने जालसाजों के खिलाफ केस दर्ज किया।

केस-2
जनवरी 2024: सूचना निदेशक शिशिर सिंह का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया गया। जालसाज ने लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजना शुरू किया तो साइबर सेल को इसकी जांच दी गई।

केस-3
सितंबर 2023: पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह के नाम से जालसाजों ने फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया और मैसेंजर पर मैसेज भेजकर पैसों की डिमांड की। मंत्री ने हजरतगंज थाने में केस दर्ज कराया।

केस-4
जून 2022: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी चलाई जा रही थी। जिससे आपत्तिजनक पोस्ट भी किए जा रहे थे। इसका गोमती नगर थाने में केस दर्ज कराया गया था।

केस-5
दिसंबर 2020: सीएम के सूचना सलाहकार रईस सिंह का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर उनके परिचित से 25 हजार रुपए की डिमांड की गई। इसका केस गोमतीनगर विस्तार थाने में दर्ज कराया गया।