लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानीवासियों को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है। यह राहत डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन व्यवस्था से जुड़ी हुई है। नगर निगम द्वारा चयनित की गई कंपनी की ओर से पांच जोन में डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन व्यवस्था शुरू कर दी गई है और इस काम में दो हजार से अधिक कर्मचारी लगाए गए हैैं। वहीं, नगर निगम के कर्मचारियों की ओर से तीन अन्य जोन में वेस्ट कलेक्शन का काम किया जा रहा है। यह भी स्पष्ट है कि आने वाले समय में इन तीन जोन में भी वेस्ट कलेक्शन के लिए नई कंपनी का चयन किया जाएगा।

पहले थी ईकोग्रीन के पास जिम्मेदारी

पहले डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन की जिम्मेदारी ईकोग्रीन कंपनी के पास थी। कंपनी की ओर से इस काम में पहले तो खासी तत्परता दिखाई गई लेकिन जैसे-जैसे वक्त गुजरता गया, हालात बद से बदहाल हो गए। नगर निगम कार्यकारिणी से लेकर सदन तक में पार्षदों की ओर से ईकोग्रीन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए गए। जिसके बाद कंपनी को हटाने के लिए शासन को पत्र लिखा गया और अंतत: कंपनी की सेवा समाप्त हो गई। इसके बाद नगर निगम की ओर से हैदराबाद की कंपनी रामकी का चयन किया गया। ये कंपनी लखनऊ में एलएसए के नाम से काम कर रही है।

इन पांच जोन की जिम्मेदारी

नगर निगम की ओर से कंपनी को राजधानी के पांच जोन जिसमें जोन एक, जोन तीन, जोन चार, जोन छह, जोन सात की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, नगर निगम की ओर से तीन जोन जोन पांच, आठ और दो में वेस्ट कलेक्शन की जिम्मेदारी उठाई जा रही है। निगम प्रशासन की ओर से यह भी निर्णय लिया गया है कि अगले महीने तीन जोन, जो निगम के पास है, उनके लिए भी कंपनी का चयन किया जाएगा। इसके लिए बकायदा टेंडर इत्यादि निकाले जाएंगे। कंपनी का चयन होने के बाद राजधानी की पूरी व्यवस्था एजेंसियों के पास चली जाएगी। वहीं, नगर निगम प्रशासन की ओर से ओवरऑल मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी निभाई जाएगी।

ये हो रहा फायदा

1-सभी घर वेस्ट कलेक्शन से कनेक्ट होंगे।

2-घरों से टाइम से उठेगा वेस्ट।

3-सुबह 6.30 बजे से होगी वेस्ट कलेक्शन की शुरुआत।

4-ग्रीन ड्रेस में नजर आएंगे वेस्ट कलेक्शन कर्मी।

5-हर सप्ताह होगी वेस्ट कलेक्शन की समीक्षा।

अभी सिर्फ वेस्ट कलेक्शन की जिम्मेदारी

चयनित कंपनी को अभी सिर्फ वेस्ट कलेक्शन की जिम्मेदारी दी गई है। जब व्यवस्था पूरी तरह से पटरी पर आ जाएगी तो कंपनी की जिम्मेदारी भी बढ़ाई जा सकती है। यह भी स्पष्ट किया गया है कि रोड स्वीपिंग का काम निगम कर्मियों की ओर से संभाला जाएगा। इसके साथ ही शिवरी प्लांट में लगे वेस्ट के ढेरों के निस्तारण की प्रकिया भी शुरू कर दी गई है। अगले दो साल के अंदर यहां लगे हजारों मीट्रिक टन वेस्ट के ढेर को समाप्त कर दिया जाएगा।

ये भी हो रहा प्रयास

निगम प्रशासन की ओर से यह भी प्रयास किया जा रहा है कि भवन स्वामियों को उनके मोबाइल पर यूजर चार्ज संबंधी जानकारी दी जाए। जिससे भवन स्वामियों के मन में कोई कंफ्यूजन न रहे। इसके लिए भवन स्वामियों के मोबाइल नंबर भी अपडेट किए जा रहे हैैं।

कंट्रोल रूम में दे जानकारी

अगर अभी तक आपके यहां वेस्ट कलेक्शन की सुविधा शुरू नहीं हुई तो आप अपने जोन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैैं साथ ही आप निगम के कंट्रोल रूम नंबर 0522-2307770 या टोल फ्री नंबर 1533 पर भी कॉल कर सकते हैैं।