लखनऊ (ब्यूरो)। चिनहट थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक दुल्हन ने महज इस वजह से बारात वापस लौटा दी क्योंकि दूल्हा सांवला था और साथ ही उसके हाथ की तीन अंगुलियां टेढ़ी हैं। जैसे ही बारात आने पर पूजा प्रारंभ हुई तभी दुल्हन को दूल्हे के बारे में पता चला और फौरन ही उसने शादी रुकवा दी। जिसके बाद मामला चिनहट थाना पहुंचा और दूल्हे के परिवार ने तहरीर देकर इंसाफ की गुहार लगाई। इस दौरन पुलिस ने दोनों पक्षों का बयान दर्ज किया और समझा बुझाकर शादी के लिया घंटों मनाया, लेकिन जब दुल्हन ने एक न सुनी तो बारात को वापस लौटना पड़ा।

पूजा शुरू होने के बाद किया इंकार

बाराबंकी के सूरतगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक की शादी बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती से तय हुई। शादी की डेट 14 दिसंबर रखी गई और यह आयोजन चिनहट थाना क्षेत्र के देव मंदिर के पास होना था। तय डेट के हिसाब से बारात गुरुवार रात बाराबंकी से शादी स्थल पहुंच गई। बारात पहुंचने के बाद पूजा प्रारंभ हुई। तभी दुल्हन के कहने पर उसके घरवालों ने शादी से मना कर दिया। बोला गया कि लड़का उसे पसंद नहीं है। यह सुनकर दूल्हा, परिजन और सभी बाराती हैरान रह गए कि आखिरकार उनको मना क्यों किया जा रहा है।

बारात वापस भेजने को लेकर हंगामा

शादी कैंसिल करने की बात से दूल्हा और उसके परिजन भी भड़क गए। देखते ही देखते मामले ने तूल पकड़ लिया। दुल्हन इस बात पर अड़ी रही कि उसे शादी ही नहीं करनी है। ऐसे में दुल्हन और दूल्हा दोनों पक्षों के परिवार में तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद मामला चिनहट थाने पहुंच गया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों का बयान दर्जकर शादी न करने का कारण पूछा। बताया गया कि लड़के के दाएं हाथ की तीन अंगुलियां टेढ़ी हैं और वह सांवला भी है। जिसकी वजह से लड़की शादी नहीं करना चाहती।

दुल्हन ने सुसाइड करने की दी धमकी

इस घटना के बाद दुल्हन भी थाने पहुंच गई। बताया गया कि दुल्हन ने सिर्फ एक ही रट लगा रखी थी कि उसे लड़का नहीं पसंद है। वह सांवला तो है ही साथ ही उसकी अंगुलियों में भी दिक्कत है। अगर उसकी शादी इस युवक से जबरन कराई गई तो वह जहर खाकर अपनी जान दे देगी। दुल्हन के बार-बार सुसाइड की रट लगाने पर दूल्हे का परिवार सहम गया और बारात वापस लेकर लौट गया। वहीं, चिनहट थाना प्रभारी आलोक राव का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

दूल्हा बोला- पहले ही मना कर देते

वहीं, पीड़ित दूल्हे ने बताया कि करीब तीन महीने पहले यह शादी फिक्स हो गई थी। परिवार और लड़की वाले उसे देख चुके थे। यहां तक कि लड़की का भाई भी कई बार मिल चुका है। उसने बताया कि करीब दो महीने पहले लखनऊ से बाराबंकी बाइक से जाने के दौरान रास्ते में उसका एक्सीडेंट हो गया था, जिसकी वजह से उसके दाएं हाथ की तीन अंगुलियां सीधी नहीं हो रही हैं, उसका इलाज भी चल रहा है। पीड़ित का कहना है कि अगर लड़की को शादी नहीं करनी थी तो पहले ही मना कर देना था। बारात और शादी की तैयारियों में काफी पैसा भी खर्च होने के साथ बहुत अपमान भी हुआ।