- पांच साल पहले हुई थी शादी, अवैध असलहे से घटना को दिया अंजाम

- काफी समय से पति-पत्नी में चल रहा था विवाद

रुष्टयहृह्रङ्ख : ठाकुरगंज के बरौरा हुसैनबाड़ी स्थित एकता नगर निवासी सुधांशु प्रकाश मिश्र ने शनिवार सुबह कहासुनी के बाद पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। सुधांशु की शादी पांच साल पहले मूलरूप से फर्रुखाबाद निवासी दीक्षा के साथ हुई थी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

सीने पर सटाकर मारी गोली

डीसीपी पश्चिम सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी के मुताबिक, सुधांशु के पास से एक अवैध असलहा, खोखा व कारतूस बरामद किया गया है। सुधांशु ने दीक्षा के सीने पर सटाकर गोली मारी थी। गोली की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य कमरे में पहुंच गए, जहां दीक्षा लहूलुहान फर्श पर पड़ी थी। इससे पहले की दीक्षा को अस्पताल ले जाया जाता, उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मौके पर छानबीन की और कमरे से अवैध असलहा बरामद कर लिया।

पत्नी से हो गया था विवाद

पूछताछ में पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। सुधांशु मूलरूप से हरदोई संडीला का रहने वाला है। वह एक निजी मोबाइल कंपनी में काम करता है। शुक्रवार को सुधांशु संडीला से लौटा था। पूछताछ में आरोपित के घरवालों ने बताया कि पिछले कुछ समय से सुधांशु मानसिक रूप से परेशान था। वह अक्सर परिवार के सदस्यों के साथ झगड़ा करता था और गला दबाकर उन्हें मारने की कई बार कोशिश भी कर चुका है। आए दिन वह खुद को कमरे में भी बंद कर लेता था। घटना के समय सुधांशु की मां पूनम और बहन मनीषी भी घर में मौजूद थीं।

मायके को दी सूचना

एसीपी चौक डीपी तिवारी के मुताबिक, कुछ दिनों से पति-पत्नी में विवाद चल रहा था। दीक्षा के मायके वालों को सूचना दे दी गई है। एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।