लखनऊ (ब्यूरो)। कोरोना महामारी के कम होने का असर त्योहारों पर साफ देखने को मिला। राजधानी में भाई-दूज के पर्व पर बहनें अपने-अपने भाईयों के घरों पहुंची। वहीं मिठाईयों की दुकानों पर शाम तक भीड़ देखने को मिली, जहां बहनें भाईयों की पसंद का मीठा पैक करवाते हुए नजर आईं। वहीं भाईयों ने भी बहनों को गिफ्ट देकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। इसके अलावा लखनवाइट्स ने भाई दूज के पर्व पर जमकर पतंगबाजी की।


चित्रगुप्त जयंती मनाई गई
यम द्वितीया के दिन कायस्थ समाज की ओर से चित्रगुप्त जयंती परंपरागत तरीके से मनाई गई। झूलेलाल घाट स्थित मंदिर में लोगों ने भगवान चित्रगुप्त का पूजन किया। हवन-पूजन के साथ भगवान की आरती की गई और प्रसाद बांटा गया। वहीं चित्रगुप्त नगर स्थित मंदिर में भी पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं घरों में भी कलम-दवात की पूजा की गई और प्रसाद का वितरण किया गया।