60 से अधिक पार्किंग नगर निगम की शहर में

10 से 20 रुपए तक है पार्किंग का किराया

7 मार्च को सदन में महिला पार्षदों ने रखी थी मांग

5 फीसद की छूट दी जा सकती है हाउस टैक्स में

- महिला पार्षदों ने रखी थी मांग, कार्यकारिणी में लाया जाएगा प्रस्ताव

- हाउस टैक्स में भी महिलाओं को दी जा सकती है छूट

LUCKNOW शहर सरकार की ओर से राजधानी की महिलाओं को एक बड़ा तोहफा देने की तैयारी हो रही है। जो योजना बनाई जा रही है, उससे साफ है कि आने वाले दिनों में महिलाओं को निगम की सभी पार्किग के शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट मिल सकती है। इस प्रस्ताव को कार्यकारिणी में लाया जाएगा और पूरी उम्मीद है कि इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिल जाएगी। वहीं एक अन्य सौगात हाउस टैक्स में छूट संबंधी भी हो सकती है।

महिला पार्षदों ने रखी थी मांग

महिला दिवस से ठीक एक दिन पहले 7 मार्च को निगम सभागार में मेयर की अध्यक्षता में महिला सदन बुलाया गया था। निगम के इतिहास में यह पहला महिला सदन था। इस सदन में महिला पार्षदों ने दो मुद्दे प्रमुखता से उठाए थे। एक था पार्किग शुल्क में 50 प्रतिशत छूट दिया जाना और दूसरा था हाउस टैक्स में 5 प्रतिशत की राहत दिया जाना।

5 प्रतिशत की मिले छूट

पार्षद वीना रावत ने प्रस्ताव रखा था कि जिन घरों की रजिस्ट्री महिलाओं के नाम पर है, उन्हें हाउस टैक्स में पांच प्रतिशत की छूट मिले। महिला सदन के लिए नामित सपा महिला पार्षद दल नेता चरणजीत गांधी और हेमा सनवाल ने महिलाओं को पार्किंग शुल्क में छूट देने का मुद्दा उठाया था।

60 से अधिक पार्किग

अभी शहर में नगर निगम की 60 से अधिक पार्किग हैं। वहीं तीन अंडरग्राउंड पार्किग भी हैं। अभी 10 और 20 रुपए पार्किग शुल्क है। अगर सदन में रखे गए प्रस्ताव पर कार्यकारिणी में मुहर लग जाती है तो महिलाओं के लिए इस शुल्क में 50 फीसद की राहत हो जाएगी।

वर्जन

महिला सदन में आए प्रस्तावों को कार्यकारिणी में रखा जाएगा। मेरा खुद मानना है कि महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिलें। प्रयास रहेगा कि कार्यकारिणी में छूट संबंधी प्रस्ताव पास हो जाए। अंतिम निर्णय कार्यकारिणी लेगी।

संयुक्ता भाटिया, मेयर