- 18 फरवरी से शुरू हो रहा है बजट सत्र

- प्रदेश सरकार ने पूरी की हैं अपनी तैयारियां

LUCKNOW :

योगी आदित्यनाथ सरकार वित्तीय वर्ष 2021-22 का बजट विधानमंडल में 22 फरवरी को पेश करेगी। यह योगी सरकार का पांचवां और आखिरी पूर्ण बजट होगा। विधानमंडल का बजट सत्र 18 फरवरी से शुरू हो रहा है।

सुबह 11 बजे पेश होगा बजट

वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि बजट 22 फरवरी को सुबह 11 बजे पेश किया जाएगा। वर्ष 2022 का प्रथम सत्र होने के नाते 18 फरवरी को पहले दिन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल विधानमंडल के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में अभिभाषण देंगी।

राजस्व जुटाने की होगी चुनौती

बजट में बुनियादी ढांचे पर फोकस होगा। चुनावी वर्ष का बजट होने के नाते सरकार इसके जरिये विभिन्न वर्गो को भी साधने की कोशिश करेगी। हालांकि कोरोना आपदा के कारण राज्य और केंद्र सरकार के राजस्व में आई कमी से बजट के लिए संसाधन जुटाने की चुनौती बढ़ गई है। सरकार के पिछले बजट का आकार 5.12 लाख करोड़ रुपये था। कयास लगाये जा रहे हैं कि बजट का आकार 5.5-5.6 लाख करोड़ रुपये हो सकता है। चुनावी वर्ष में अपनी हसरतों को परवान चढ़ाने के लिए सरकार अगस्त और दिसंबर में दो अनुपूरक बजट भी पेश कर सकती है।