- मुंह व नाक से निकल रहा था खून, गर्दन में खरोंच के निशान

- मां व भाई ने लगाया कॉलोनी की एक युवती पर हत्या का आरोप

LUCKNOW:

मां मंगलवार रात भर बेटे का रास्ता तकती रही और बुधवार सुबह बेटे की लाख घर की दहलीज पर मिली। चिनहट के लौलाई गांव काशीराम कॉलोनी में अजय कुमार परिवार संग किराए पर रहते हैं। मंगलवार सुबह उनका छोटा बेटा संजय (23) घर से काम पर जाने के लिए निकला और देर रात तक वापस नहीं आया तो मां मेन गेट पर खड़े होकर उसकी राह देखती रहीं। वहीं बुधवार सुबह उसका शव घर की दहलीज के पास मिला। उसके नाक और मुंह से खून निकल रहा था और गले में खरोंच के निशान थे। परिजनों की सूचना पर पहुंची चिनहट पुलिस को जांच के दौरान कॉलोनी की छत पर कई सुराग मिले जो संजय की मौत से जुड़े हैं। संजय की मां और भाई ने कॉलोनी में रहने वाली एक युवती पर हत्या का आरोप लगाया है।

किराए पर रहता है परिवार

उन्नाव अचलगंज निवासी ऊषा परिवार संग काशीराम कॉलोनी के फ‌र्स्ट फ्लोर पर चार साल से किराए पर रहती हैं। उनका बड़ा बेटा अजय कुमार (26), छोटा बेटा संजय (23) और बेटी स्वाती (18) है। ऊषा चाउमिन का ठेला लगाती हैं। संजय के पिता अनूप कुमार की मौत हो चुकी है। संजय सिनेपॉलिसी मॉल में जॉब करता है। दो दिन पहले उसे सैलरी मिली थी। ऊषा का कहना है कि संजय दुकान पर आया था और उसे खर्च के लिए तीन हजार रुपये देकर चला गया।

नहीं लौटा संजय

भाई अजय का कहना है कि मंगलवार सुबह 10 बजे संजय काम पर जाने के लिए निकला, लेकिन टिफिन नहीं ले गया। उसके बाद वह मां के साथ ठेला लेकर चला गया और रात 10 बजे मां के साथ लौटा। संजय देर रात तक घर नहीं आया तो मां मेनगेट खोलकर ही सो गई। सुबह 8 बजे चौथी मंजिल पर रहने वाले एक युवक ने संजय को घर की दीवार से सटे बैठे देखा। ऊषा और अजय ने जैसे ही वहां जाकर उसे हिलाया तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है।

मोबाइल में मिली युवती की फोटो

सूचना पर इंस्पेक्टर चिनहट धनंजय पांडेय फोर्स के साथ वहां पहुंचे और पड़ताल शुरू की। पुलिस को संजय के मोबाइल से उसी कॉलोनी के सेकंड फ्लोर पर रहने वाली युवती सुमन वर्मा, उसकी बहन ज्योति और उसके बच्चे के अलावा सुमन की मां की तस्वीर मिली है। भाई अजय और मां का आरोप है कि संजय और सुमन का अफेयर था। इन्होंने संजय की हत्या का आरोप सुमन और उसके परिवार पर लगाया है। जांच में यह भी सामने आया है कि संजय के मोबाइल पर अंतिम कॉल रात 12:30 पर सुमन की ही आई थी।

छत पर मिले खून के धब्बे

एसीपी प्रवीण मालिक का कहना है कि युवक के मुंह और नाक से खून, गले में खरोंच निशान मिले हैं। पुलिस जब कॉलोनी की छत पर पहुंची तो वहां कई ऐसे सुराग मिले जिससे पुलिस को एफएसएल को मौके पर बुलाना पड़ा। बिल्डिंग की छत पर खून के ताजे धब्बे मिले है, जिन्हें पानी से धोने का प्रयास किया गया था। तेज धूप के चलते पानी तो सूख गया लेकिन धब्बे साफ नजर आ रहे थे।

छत पर हुई थी शराब पार्टी

पुलिस के अनुसार छत पर पानी की बोतल और दो चिप्स के पैकेट, शराब की बोतल (क्वार्टर) मिली है। जीने के पास दो क्वार्टर खाली मिले। इसके अलावा छत से महिला के बाल भी मिले है। एफएसएल की टीम ने सभी चीजों को जांच के लिए सुरक्षित रख लिया। भाई अजय का आरोप है कि सुमन का किसी और से भी रिश्ता था। सुमन के परिजनों ने संजय की गला दबाकर हत्या की है।

इन सवालों के चाहिए जवाब

सवाल - संजय मंगलवार को ड्यूटी पर गया था या नहीं।

सवाल - शिफ्ट 10 से 6 बजे तक की थी। वह 6 बजे के बाद किसके साथ था।

सवाल- छत पर शराब पार्टी में संजय शामिल था। उसके साथ कौन था।

सवाल - रात 12.30 बजे संजय ने सुमन से मोबाइल पर क्या बात की।

सवाल- संजय की हत्या छत पर की गई तो उसकी लाश घर की दहलीज तक कैसे आई।

सवाल- छत पर संजय के साथ खूनी संघर्ष हुआ तो किसने पानी से खून के धब्बे धोए।