मेरठ (ब्यूरो)। दिल्ली रोड से महज 200 मीटर अंदर स्थित साईंपुरम इंडस्ट्रीयल एरिया स्पोट्र्स गुड्स की प्रमुख इंडस्ट्रीज है। नगर निगम और एमडीए के अंडर में आने के बाद भी इस इंडस्ट्रीयल एरिया को सुविधा देने से दोनों ही विभाग कतरा रहे हैं। इसके चलते 28 साल बाद भी आज पूरे इंडस्ट्रीयल एरिया में चलने लायक सड़क तक नहीं है। हालत यह है कि इंडस्ट्रीज का कूड़ा एकत्र करने के लिए भी यहां नगर निगम द्वारा कोई सुविधा नहीं मिल रही है। जिसके चलते यहां रेलवे लाइन ही इंंडस्ट्रीयल एरिया का कूड़ा स्थल बना हुआ है।

आधी-अधूरी सड़क
गत वर्ष दिल्ली रोड को नूर नगर से जोडऩे वाली मेन रोड की रिपेयरिंग का काम नगर निगम द्वारा शुरू तो कराया गया लेकिन अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। हालांकि इससे साईंपुरम इंडस्ट्रीयल एरिया में जाने वाले वाहनों को कुछ राहत मिली है। मगर सड़क केवल बाहर तक ही बननी है, साईंपुरम की अंदर 9 गलियों में सड़कों की मरम्मत के लिए कोई निर्माण कार्य नहीं किया गया है।

सड़कों पर कीचड़
सबसे बुरी स्थिति साईंपुरम इंडस्ट्रीयल एरिया में बरसात के सीजन में बनती है। यहां जल निकासी के लिए नालियों और सीवर लाइन की व्यवस्था न होने के कारण बरसात में यहां दो-दो फुट तक पानी सड़कों पर भर जाता है। सीवर लाइन न होने के कारण यहां बरसात में हर गली जलमग्न हो जाती है। कीचड़ और गारे के कारण छोटे वाहन इस इंडस्ट्रीयल एरिया में एंट्री तक नहीं कर पाते हैं।

फैक्ट्स
1994 में साईंपुरम में बनाया गया इंडस्ट्रीयल एरिया
107 इंडस्ट्रीज का हो रहा संचालन
20 प्लॉट इंडस्ट्रीज के लिए अभी भी खाली
सबसे अधिक स्पोटर्स गुड्स इंडस्ट्रीज

यह हैं समस्याएं
पूरे इंडस्ट्रीयल एरिया में कच्ची सड़कें
पूरे क्षेत्र में जल निकासी के लिए नालियों की कमी
सीवर लाइन का अभाव
स्ट्रीट लाइट तक की सुविधा नहीं
कूड़ा स्थल और कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था नहीं
सिक्योरिटी के लिए पुलिस चौकी तक की व्यवस्था नहीं

सांसद और विधायक से लेकर नगर निगम व एमडीए से लगातार मांग के बाद भी आज तक अंदर इंडस्ट्रीयल एरिया की सड़क नहीं बन सकी है। सीवर लाइन तो दूर यहां पानी की निकासी को नालियों तक की व्यवस्था तक नहीं है।
अजय सहगल, अध्यक्ष, साईंपुरम इंडस्ट्रीयल एरिया

हर साल नगर निगम को हाउस टैक्स देने के बाद भी हम लोगों को साईंपुरम में बेसिक सुविधा तक नहीं मिल रही है। कम से कम इंडस्ट्रीयल एरिया की सड़कों की हालत में तो सुधार होना चाहिए। जिससे आने-जाने वालों को सहूलियत मिल सके।
राकेश मक्कड़, महामंत्री, साईंपुरम इंडस्ट्रीयल एरिया

साईंपुरम के विकास को लेकर नगर निगम पूरी तरह लापरवाह है। सड़क बना दें तो यहां से ट्रांसपोटेशन की सुविधा बेहतर हो जाए। मेन रोड भी सालों बाद जाकर अब सही की गई है। वरना तो यहां आने तक की सुविधा तक नहीं थी।
गौरव राजपूत, सचिव, साईंपुरम इंडस्ट्रीयल एरिया

यहां जल निकासी की व्यवस्था होनी चाहिए क्योंकि बरसात के दिनों में नाले का पानी सड़कों पर भर जाता है। जिसके लंबे समय तक निकासी नहीं हो पाती। इसके कारण यहां से आने-जाने के साथ ही मच्छरजनित बीमारियों के फैलने की समस्या भी बनी रहती है।
संजय गुप्ता, उपाध्यक्ष, साईंपुरम इंडस्ट्रीयल एरिया