मेरठ, (ब्यूरो)। गौरतलब है कि तेज हवाओं के साथ कूड़े की बदबू और कूड़ा उड़कर आसपास की कॉलोनियों तक पहुंच जाता है। लगातार शिकायतों के बाद भी निगम के स्तर पर काम नही हो रहा है।

दुर्घटना का सबब
खिर्वा रोड पर करीब 500 मीटर तक कूड़ा सड़क किनारे फैला है। हालत यह है कि हवा चलते ही दूर दूर तक कूड़े की बदबू फैल जाती है। इतना ही नही कूड़े के ढेर के कारण कूड़ा सड़क तक आ जाता है। इससे कई बार वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। जरा सी बारिश होते ही सड़क पर पैदल तो दूर वाहन लेकर निकलना दूभर हो जाता है।

निगमकर्मी डाल रहे कूड़ा
यहां निगम द्वारा कोई स्थाई खत्ता या डस्टबिन तक की व्यवस्था नही है। इसलिए आसपास का सारा कूड़ा सड़क किनारे इस खाली जगह पर फेंक दिया जाता है। इसके अलावा खुद नगर निगम के कर्मचारी भी आसपास का कूड़ा इसी जगह डाल देते हैं। रोजाना नगर निगम का सफाई कर्मचारी कूड़े से भरा ठेला लाकर यहां डाल जाते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि आए दिन सड़क किनारे पॉलीथिन और प्लास्टिक कचरा खाने से कई गाय बीमार हो चुकी है।

सारथी संस्था ने किया प्रदर्शन
इस समस्या की लगातार शिकायतों के बाद भी जब निगम ने सुनवाई नही की तो खुद शहर की एनजीओ सारथी संस्था के पदाधिकारियों ने मौके पर जाकर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। मौके से निगम के अधिकारियों को फोन मिलाकर समस्या से अवगत कराया। इस दौरान संस्था की अध्यक्ष कल्पना पाण्डेय ने कहा कि निगम कूड़े की समस्या का स्थाई समाधान करे। ताकि स्थानीय निवासियों को बीमारियों व दुर्घटनाओं से निजात मिल सके।


यह समस्या लगातार लंबे समय से बनी हुई है। हम चाहते हैं कि इस समस्या का स्थाई समाधान किया जाए। ताकि यहां से गुजरने वाले लोग दुर्घटना से बचें और पशु से प्लास्टिक कचरा खाकर बीमार ना हों।
- कल्पना पांडेय

जनपद मेरठ के प्रत्येक वार्ड में लगभग हर जगह कूड़े के बड़े ढेर जगह जगह आवासीय कालोनियों और मुख्य सड़क और चौराहों पर दिख जाएंगे। जिससे नगरवासियों को भीषण दुर्गन्ध व प्रदूषण का सामना करना पड़ता है।
- दिव्यांश टंडन

स्वच्छ भारत मिशन के सपने को साकार करने के लिए व जनपदवासियों को शुद्ध प्राण वायु प्रदान करने के लिए नगर निगम अधिकारियों व कर्मचारियों से अनुरोध है कि जिले मे कूड़े के स्थायी निस्तारण का प्रबंध किया जाए।
- अशोक शर्मा

यह नगर निगम के काम कराने का तरीका है कि सड़कों पर डंपिंग ग्राउंड बना रखे हैं। आए दिन खिर्वा रोड पर दुर्घटना हो रही है। नगर निगम को कार्य शैली और स्वच्छता पर ध्यान देने की जरुरत है।
-रोहित पंवार