मुजफ्फरनगर के मरीज में मिला दुर्लभ फंगस

माइक्रोबॉयोलॉजी लैब करेगी कल्चर, येलो फंगस संभव

Meerut। मेडिकल कॉलेज में चार दिनों से भर्ती एक मरीज की जांच करते ही डाक्टर चौंक पड़े। उसके सैंपल में पीले रंग का डिस्चार्ज मिलने से चिकित्सकों में हलचल मच गई। विभागाध्यक्ष डॉ। वीपी सिंह ने पीला फंगस की आशंका जताते हुए सैंपल जांच के लिए माइक्रोबॉयोलॉजी लैब भेज दिया है। ऐसा फंगस अब तक नहीं देखा गया। लैब सात दिन में जांच रिपोर्ट देगा। इससे पहले गाजियाबाद के एक ईएनटी सर्जन ने गत दिनों येलो फंगस का एक केस देखा था।

डॉक्टर हैरान रह गए

ईएनटी के प्रोफेसर डॉ। वीपी सिंह ने बताया कि मुजफ्फरनगर से आए मरीज की नाक में दर्द, आंख व चेहरे में सूजन थी। जांच में पता चला कि यह फंगस अलग है। माइक्रोस्कोप से इसे स्क्रीन पर लेकर देखा गया तो पीला रंग देखकर डॉक्टर हैरान रह गए। डाक्टरों ने तत्काल प्राचार्य डॉ। ज्ञानेंद्र सिंह को सूचित किया, साथ ही शासन को भी औपचारिक जानकारी दे दी गई है। डॉ। सिंह ने बताया कि अगर यह येलो फंगस है तो उन्होंने ऐसा पहला केस देखा है। अगर येलो नहीं हुआ तो नए प्रकार के फंगस मिलने की आशंका लेकर डॉक्टर परेशान हैं। अभी तक डॉक्टर्स को येलो व सफेद फंगस के बारे में ज्यादा पता नहीं है।