समर कॉलोनी में मां ने अपनी तीन बेटियों की ब्लेड से काटी गर्दन, बाद में खुद की भी काटी गर्दन

- महिला को दिमागी दौरे पड़ने की है बीमारी, लिखा सुसाइड नोट

- दो साल की एक बेटी की मौत, दो बेटी और मां गंभीर रूप से जख्मी

- पुलिस ने घायल बच्चियों और मां को उपचार के लिए कराया भर्ती

Meerut । ब्रह्मपुरी के समर कॉलोनी डी ब्लाक में एक मां ने अपनी तीन बेटियों की ब्लेड से गर्दन काट दी,जिससे दो साल की बेटी की मौत हो गई। जबकि दो बेटियां गंभीर रूप से जख्मी हो गई। इसके बाद महिला ने खुद भी ब्लेड से अपनी गर्दन काट ली। आनन-फानन में महिला और बेटियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

नौ साल पहले हुई थी शादी

ब्रह्मपुरी के समर कॉलोनी डी। ब्लाक में अतीक अपने परिवार के साथ रहता है। अतीक लिसाड़ी गेट क्षेत्र में एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करता है। नौ साल पहले उसका निकाह आशमा के साथ हुआ था। अतीक के तीन बेटी सात साल, दो साल और छह साल की है। बताते हैं कि अतीक की पत्‍‌नी आशमा को निकाह से पहले से ही दिमाग के दौरे पड़ते है।

ब्लेड से किया वार

बताते हैं कि बुधवार रात को भी तीन दौरे आशमा को पड़े थे। गुरुवार सुबह अतीक अपने काम पर चला गया था। घर पर उसकी पत्‍‌नी और तीनों बेटियां थी। शाम को करीब पौने चार बजे आशमा ने अपनी तीनों बेटियों के गले पर ब्लेड से वार किया .इससे बेटियां लहूलुहान हो गई। इसके बाद आशमा ने अपना गला भी काट लिया। चीख पुकार और शोर मचने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पाकर ब्रह्मपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी की।

अस्पताल में भर्ती

आनन-फानन में पुलिस ने तीनों बेटियों और मां को उपचार के लिए मलियाना स्थित एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां पर दो साल की बच्ची मरियम की मौत हो गई। दोनो बेटियां और महिला की हालत में अभी सुधार है। पुलिस ने मौके से ब्लेड बरामद किए है। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। सूचना पर एसपी क्राइम राम अर्ज मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी की।

दिमागी संतुलन खो बैठी मां

ब्रह्मपुरी इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने बताया कि महिला का दिमागी संतुलन सही नहीं है। दौरे पड़ने के चलते उसका करीब 20 साल से मानसिक रोग विशेषज्ञ से उपचार भी चल रहा है। मानसिक संतुलन खोने के बाद महिला ने इस तरह का कदम उठाया। महिला घर में भी अजीब तरह की हरकत करती थी। दिमागी संतुलन खोने के बाद उसने ब्लेड से हथियार मार कर घायल कर दिया है।

इन्होंने कहा

महिला को दिमाग के दौरे पड़ते है। उसने अपनी तीनों बेटियों और अपने को ब्लेड मारा। एक दो साल की बेटी की मौत हो गई है। दो बेटी और मां घायल है। उपचार कराया जा रहा है। ब्रह्मपुरी पुलिस को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए है।

राम अर्ज

एसपी क्राइम