13 दिसंबर तक तीसरा शस्त्र लाइसेंस व शस्त्र सरेंडर करने का था आदेश

शस्त्र अनुभाग के कर्मचारी ने बना डाली 300 लोगों की सूची

जांच में सिर्फ 31 लोग, सिटी मजिस्ट्रेट ने जताई नाराजगी

Meerut। गृह मंत्रालय के तीसरा शस्त्र लाइसेंस सरेंडर करने के आदेश वाले मामले में शस्त्र अनुभाग के कर्मचारी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। हुआ यूं कि शस्त्र अनुभाग के कर्मचारी ने तीसरे शस्त्र लाइसेंस वाले मेरठ के 300 लोगों की सूची बनाकर अधिकारियों को भेजी थी। अधिकारियों ने ये सूची शासन को भेज दी थी। मगर जब इस बाबत जांच की गई तो तीसरे शस्त्र लाइसेंस वाले केवल 31 लोग सामने आए। जिसके बाद अब रिपोर्ट में सुधार किया गया है।

सिर्फ हैं 31 लोग

सिटी मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मेरठ में तीसरे शस्त्र लाइसेंस वाले लोगों का एक लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। सिर्फ दो लाइसेंस ही वैध माने जाएंगे। पहले तीसरे शस्त्र लाइसेंस की 300 लोगों की सूची आई थी, जिसमें सुधार कराया गया है। अब 31 लोगों ऐसे हैं, जिनका लाइसेंस कैंसिल किया जा रहा है।

ये है मामला

गृह मंत्रालय ने आदेश जारी किया था कि एक व्यक्ति केवल दो शस्त्र लाइसेंस ही अपने पास रख सकता है। जिसके पास भी तीसरा शस्त्र लाइसेंस है वह 13 दिसंबर तक सरेंडर कर दें, अन्यथा लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। जिसके बाद शस्त्र अनुभाग के कर्मचारियों ने थानों से मिली आख्या के आधार पर तीसरा शस्त्र लाइसेंस रखने वाले 300 लोगों की सूची तैयार कर आगे अधिकारियों को भेजी गई थी। साथ ही कहा गया था कि इनमें से अभी तक केवल 20 लोगों ने तीसरा शस्त्र लाइसेंस विभाग में जमा करा दिया है।

जांच के आदेश

कम संख्या में तीसरा शस्त्र लाइसेंस जमा होने की स्थिति में सिटी मजिस्ट्रेट ने दोबारा से सूची की जांच के आदेश शस्त्र अनुभाग प्रभारी को दी। जब जांच की गई तो 300 लोगों के पास तीसरे शस्त्र लाइसेंस की जानकारी गलत निकली। दोबारा जांच की गई तो सामने आया कि केवल 31 लोगों के पास ही तीसरा शस्त्र लाइसेंस है। जिसमें से 20 लोगों ने लाइसेंस सरेंडर कर दिया है। अब दोबारा से सूची बनाकर शासन को भेजी जाएगी।

लापरवाही पर नाराजगी

इस गलत जानकारी पर शस्त्र विभाग के एक कर्मचारी से सिटी मजिस्ट्रेट ने नाराजगी भी जताई है। इसमें सबसे बड़ी लापरवाही यह भी है कि शस्त्र अनुभाग के कर्मचारियों को यह भी जानकारी नहीं है कि उनके यहां कितने लाइसेंस है। इसके लिए भी थानेदारों से रिकार्ड लेना पड़ रहा है।

तारीख बढ़ाने की बात

प्रशासन के आदेशानुसार 13 दिसंबर तीसरा शस्त्र लाइसेंस जमा करने की आखिरी तारीख थी। मगर अब इस तारीख के बढ़ाए जाने की चर्चाएं चल रही हैं। बताया जा रहा है मार्च तक इसकी तिथि बढ़ाई जा सकती है। हालांकि अभी शासन से इस बाबत कोई आदेश नहीं आया है।