बांग्लादेश के प्रशासनिक अधिकारियों के प्रतिनिधि दल ने किया मेरठ का भ्रमण

डीएम बी। चंद्रकला ने जनपद की कार्यप्रणाली से कराया अवगत

Meerut: बांग्लादेश से आए 30 प्रशासनिक अधिकारियों के 34वें करियर प्रशिक्षण दल ने कलक्ट्रेट स्थित बचत भवन में जनपद की कार्यप्रणाली एवं कानून व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। डीएम बी। चंद्रकला की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिनिधि दल को शहर की प्रशासनिक, कानून व्यवस्था, विकास कार्यो की जानकारी दी गई।

प्रशासन की कार्यप्रणाली समझी

डीएम ने बांग्लादेशी मेहमानों को जनपद मेरठ की प्रशासनिक कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्हें शहर की प्रशासनिक कार्यप्रणाली के बारे में भी विस्तार से बताया गया। डीएम ने बताया कि जनपद को तीन तहसीलों में विभाजित किया गया है। तीनों तहसीलों में अलग-अलग उप जिलाधिकारी तैनात किए गए हैं। जिनके अधीन तहसीलदार सहित अन्य कार्मिक प्रशासनिक कार्य करते है।

ऐतिहासिक शहर है मेरठ

प्रतिनिधिमंडल को मेरठ जनपद की ऐतिहासिक सांस्कृतिक, भौगोलिक एवं आर्थिक संरचना के बारे में डीएम ने जानकारी दी। उन्होंने मेहमानों को बताया कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम 1857 की क्रांति में शहर का अभूतपूर्व योगदान रहा है।

मढियाऊ का किया निरीक्षण

इसके बाद बांग्लादेश के प्रशासनिक अधिकारियों ने तहसील सरधना के ग्राम मढियाऊ का भ्रमण किया। वहां के विकास कार्याें को देखा। दल का नेतृत्व मसूरी एकेडमी के प्रतिनिधि एके सिंह व मुकेश भंडारी ने किया। इस दौरान एडीएम सिटी मुकेश चन्द्र, एसडीएम सदर हर्षिता माथुर, सरधना राकेश कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अरविन्द सिंह आदि मौजूद थे।