मेरठ ब्यूरो। शहर को सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम भले ही हर संभव कोशिश में जुटा रहता हो लेकिन निगम के कर्मचारी ही इन प्रयासों को पलीता लगा रहे हैं। स्थिति यह है कि दो दिन पहले ही नगर निगम द्वारा अस्थाई कूड़ा स्थल साफ कर बनाए गए ब्यूटी स्थल पर खुद निगम के कर्मचारियों ने कूड़े का ढ़ेर लगा दिया। इस पर स्थानीय नागरिक सीपी मलिक ने टवीट कर समस्या पर एक्शन की मांग की है।

खत्ता रोड पर बना ब्यूटी स्थल

गौरतलब है कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के तहत नगर निगम शहर के अस्थाई कूड़ा स्थलों को हटाकर उनकी जगह ब्यूटी यानि सुंदर स्थल बना रहा है। इस मुहिम के तहत सालों से खत्ता रोड की समस्या बने अस्थाई खत्ते को हटाकर पूरा कूड़ा दो दिन पहले साफ कर दिया गया था। क्योंकि यह जगह मेन रोड पर थी और इस डंपिंग ग्राउंड से पूरे क्षेत्र में गंदी बदबू, कूड़े से निकलने वाले मच्छर व कीड़ों से आसपास के लोग परेशान थे। कई शिकायतों के बाद इस जगह कूड़ा हटाया गया और चूना छिडक़ाव कर मेरठ की ब्यूटी सभी की डयूटी नाम से पोस्टर भी चस्पा कर दिया ताकि लोग वहां कूड़ा ना डालें और यह स्थान एक सुंदर स्थान के तौर पर नई पहचान बना ले। लेकिन निगम का यह प्रयास एक दिन भी नही चल पाया।

नोटिस बोर्ड फाडक़र डाला कूड़ा

निगम के नोटिस के बाद भी अगले ही दिन ब्यूटी स्थल पर कूड़ा डालने का सिलसिला शुरु हो गया। यह कूड़ा आसपास के स्थानीय नागरिकों द्वारा नही डाला गया बल्कि खुद निगम के सफाई कर्मचारियों ने गलियों से ठेला गाडिय़ों में कूड़ा एकत्र कर डंपिंग ग्राउंड पर डालना शुरु कर दिया। इतना ही नही निगम के कुछ कर्मचारियों ने मौके पर लगा मेरठ की ब्यूटी सभी की डयूटी का पोस्टर तक फाड़ दिया। इससे इस स्थल पर दूसरे दिन सुबह से ही गंदगी का ढ़ेर लगना शुरु हो गया।

जो लोग इस जगह कूड़ा डाल रहे हैं उनकी पहचान कराई जा रही है। उन पर कार्यवाही होगी। दोबारा जगह साफ करा दी जाएगी।

- डा हरपाल सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी