मेरठ,(ब्यूरो)। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र निवासी युवती की फरवरी 2021 में मोदीनगर निवासी युवक के साथ शादी हुई थी। शादी के तीन-चार माह बाद ही दोनों के बीच संबंध बिगड़ गए। लड़की ने महिला थाने में पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। जिसकी रविवार को कांउसलिंग होनी थी। दोनों पक्ष महिला थाने के बाहर पहुंचे हुए थे। इस दौरान युवती के भाई और पति के बीच कुछ कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बात गाली-गलौज और मारपीट पर पहुंच गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को सिविल लाइन थाने ले आई।
गाली-गलौज का आरोप
इस दौरान पति ने आरोप लगाया कि पत्नी के भाई और पिता पुलिस में हैैं। जिनकी धौंस जमाकर वह उसे प्रताडि़त करती है। वहीं साले ने आरोप लगाया कि महिला थाने के बाहर जीजा ने बहन के साथ गाली-गलौज की। जिसकी वजह से दोनों का झगड़ा हुआ था। पुलिस ने दोनों का शांतिभंग के आरोप में चालान कर कोर्ट में पेश कर दिया।